लोकेशन धामनोद
*गुरुकुल स्कूल धामनोद में हर्षोल्लास से मनाया गया रक्षाबंधन उत्सव*
गुरुकुल स्कूल धामनोद में रक्षाबंधन पर्व बड़े ही हर्षोल्लास और उत्साह के साथ मनाया गया।
कोऑर्डिनेटर श्रीमती शिखा शुक्ला के सान्निध्य में आयोजित इस कार्यक्रम में विद्यालय की हेड मास्टर्स श्रीमती व्रतिका जैन की गरिमामयी उपस्थिति भी रही।
UKG के नन्हे-मुन्ने विद्यार्थियों ने मनमोहक नृत्य प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया। इस नृत्य की तैयारी दीपिका मैम एवं संगीता मैम द्वारा करवाई गई थी।
इसके साथ ही विद्यार्थियों ने द्रौपदी वस्त्रहरण प्रसंग पर भावपूर्ण नाट्य प्रस्तुति दी, जिसे कक्षा अध्यापिका श्रीमती रितु राठौड़ द्वारा तैयार करवाया गया। नाट्य प्रस्तुति में भगवान श्रीकृष्ण द्वारा द्रौपदी की रक्षा करने के प्रसंग को अत्यंत सुंदर एवं प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया गया। बच्चों की शानदार प्रस्तुतियों ने पूरे वातावरण को उत्सवमय बना दिया।
रक्षाबंधन के अवसर पर बालिकाएँ अपने साथ सुंदर-सुंदर राखियाँ लेकर आईं और उन्होंने बालकों की कलाई पर प्रेमपूर्वक राखी बाँधी। बालकों ने अपनी बहनों को भेंट स्वरूप टॉफियाँ देकर भाई-बहन के प्रेम को और भी मधुर बना दिया।
इस अवसर पर विद्यार्थियों ने पेड़ों को भी राखी बाँधकर प्रकृति एवं पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। साथ ही विद्यालय के बस चालक भैया एवं विद्यालय में कार्यरत सहयोगी दीदियों को भी राखी बाँधकर उनके प्रति सम्मान और स्नेह व्यक्त किया गया।
इस प्रकार प्रेम, सुरक्षा, सम्मान और प्रकृति संरक्षण का संदेश देते हुए रक्षाबंधन पर्व को गुरुकुल स्कूल धामनोद में बड़े ही उत्साह, उमंग और उल्लास के साथ मनाया गया।