श्री गुरुनानक देव जी की 557वीं जयंती धूमधाम से मनाई, हजारों श्रद्धालुओं ने ग्रहण की गुरु के लंगर की प्रसादी
लोकेशन धामनोद
श्री गुरुनानक देव जी की 557वीं जयंती धूमधाम से मनाई, हजारों श्रद्धालुओं ने ग्रहण की गुरु के लंगर की प्रसादी
धामनोद। सिखों के प्रथम गुरु श्री गुरुनानक देव जी की 557वीं जयंती धामनोद में सिख एवं सिंधी समाजजनों द्वारा मंगलवार को श्रद्धा, उत्साह और हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। इस अवसर पर गुरुद्वारे में विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने शामिल होकर गुरु साहिब के प्रति अपनी आस्था प्रकट की।
कार्यक्रम की शुरुआत गुरुद्वारे पर स्थापित निशान साहिब को दूध एवं जल से स्नान कराकर नए चोले की सेवा के साथ हुई। चोले की सेवा सरबजीत सिंह, हर्ष सलूजा, अनमोल सिंह गांधी, हरमन सलूजा एवं वीरू सिंह ने की। इसके पश्चात गुरुद्वारे में सहज पाठ साहिब की समाप्ति हुई। शब्द कीर्तन से पूरा गुरुद्वारा परिसर भक्तिमय हो गया। अंत में ज्ञानी रंजीत सिंह द्वारा अरदास की गई।
इस अवसर पर गुरुद्वारे को आकर्षक विद्युत सज्जा एवं सजावट से सजाया गया था। संगत में विशेष उत्साह देखने को मिला। धार्मिक कार्यक्रमों के पश्चात गुरु का अटूट लंगर आयोजित हुआ, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं ने पंगत में बिना किसी भेदभाव के एक साथ बैठकर लंगर प्रसादी ग्रहण की। लंगर के माध्यम से गुरु नानक देव जी के समानता, सेवा और भाईचारे के संदेश को आत्मसात किया गया।

इस दौरान सुरेश सिंह छाबड़ा, करनैल सिंह पाबला, इंद्रपाल सिंह धालीवाल, राजू सलूजा, सोनू गांधी, कुणाल छाबड़ा, हरपाल बग्गा, सुरेंद्र सलूजा, मोनू सलूजा, कपिल छाबड़ा, सोनू सलूजा, लवी छाबड़ा, मनीष छाबड़ा सहित बड़ी संख्या में समाजजन एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।
गौरतलब है कि जयंती के उपलक्ष्य में विगत 10 नवंबर से प्रतिदिन सुबह 5 बजे प्रभातफेरी निकाली जा रही थी, जिसमें समाजजनों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।