लोकेशन धार
संवाददाता मोनु पटेल
सादलपुर में निकली भव्य तिरंगा यात्रा, भारत माता के जयघोष से गूंजा नगर
सादलपुर। स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में चलाए जा रहे ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत सादलपुर में पुलिस प्रशासन द्वारा भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। यात्रा का उद्देश्य नागरिकों में देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता और राष्ट्रप्रेम की भावना को मजबूत करना था।
तिरंगा यात्रा का शुभारंभ पुलिस थाना सादलपुर से हुआ। यात्रा रामनगर, केसूर सहित नगर के प्रमुख मार्गों से होकर निकली और पुनः थाना परिसर पहुंची। हाथों में तिरंगा लिए पुलिसकर्मियों और युवाओं के उत्साह ने पूरे नगर को राष्ट्रभक्ति के रंग में रंग दिया।
यात्रा के दौरान बुलेट मोटरसाइकिलों की गूंज और पुलिस जवानों की अनुशासित मौजूदगी आकर्षण का केंद्र रही। “भारत माता की जय” और “वंदे मातरम्” के जयघोष से पूरा वातावरण गुंजायमान हो उठा। देशभक्ति गीतों ने भी कार्यक्रम को और अधिक भावनात्मक बना दिया।
तिरंगा यात्रा में थाना प्रभारी प्रवीण ठाकरे, उपनिरीक्षक प्रेमचंद वर्मा, उपनिरीक्षक राधेश्याम परमार, सहायक उपनिरीक्षक बागेशसिंह चौहान, राकेश मेड़ा, हरिराम चौहान, राकेश मौर्य, अजय कुमार वर्मा, रघुवीरसिंह सोलंकी और ओमप्रकाश पवार सहित बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी शामिल हुए।
यात्रा में बड़ी संख्या में युवाओं ने भी भाग लिया। तिरंगे के सम्मान और राष्ट्रप्रेम की भावना से ओतप्रोत इस आयोजन ने नागरिकों को ‘हर घर तिरंगा’ अभियान से जुड़ने और स्वतंत्रता दिवस को उत्साह एवं गौरव के साथ मनाने का संदेश दिया।
सादलपुर की सड़कों पर निकली यह तिरंगा यात्रा देश की एकता, अखंडता और राष्ट्रप्रेम का प्रतीक बनकर उभरी। युवाओं के उत्साह और तिरंगे की शान ने स्वतंत्रता दिवस से पहले पूरे नगर में देशभक्ति का माहौल बना दिया।