Breaking News in Primes

ग्रेड बढ़ाने की मांग पर भड़का श्रमिकों का गुस्सा, कसीदा कंपनी में हड़ताल

0 0

लोकेशन धामनोद
संवाददाता मोनु पटेल

ग्रेड बढ़ाने की मांग पर भड़का श्रमिकों का गुस्सा, कसीदा कंपनी में हड़ताल

सैकड़ों श्रमिकों ने खोला मोर्चा, सामूहिक ग्रेड बढ़ाने की मांग; गेट बंद करने को लेकर प्रबंधन पर गंभीर आरोप

धार। जैतापुर इंडस्ट्रीज स्थित कसीदा कंपनी में ग्रेड बढ़ाने की मांग को लेकर श्रमिकों का आक्रोश सामने आया। बड़ी संख्या में कर्मचारियों ने काम बंद कर हड़ताल शुरू कर दी और कंपनी प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अपनी मांगों को तत्काल पूरा करने की मांग की।

श्रमिकों का कहना है कि वे लंबे समय से कंपनी में कार्यरत हैं, लेकिन उनके ग्रेड में अपेक्षित बढ़ोतरी नहीं की जा रही है। कर्मचारियों की मांग है कि किसी एक कर्मचारी के बजाय सभी पात्र श्रमिकों के ग्रेड में सामूहिक रूप से बढ़ोतरी की जाए।

गेट बंद करने को लेकर बढ़ा विवाद

हड़ताल कर रहे श्रमिकों ने आरोप लगाया कि वे कंपनी परिसर के अंदर पहुंचे थे, लेकिन बाद में उन्हें बाहर कर कंपनी का गेट बंद कर दिया गया। इस घटनाक्रम के बाद श्रमिकों में नाराजगी और बढ़ गई। कर्मचारियों ने प्रबंधन से बातचीत कर उनकी समस्याओं का उचित समाधान निकालने की मांग की।

एक महिला श्रमिक ने बताया कि वह लखनऊ की रहने वाली हैं और करीब दो वर्षों से कंपनी में काम कर रही हैं। उनका कहना है कि सभी कर्मचारियों की मांग पर उचित निर्णय लिया जाना जरूरी है, तभी विवाद का स्थायी समाधान संभव होगा।

श्रमिकों ने स्पष्ट किया कि उनकी मांग व्यक्तिगत लाभ के लिए नहीं, बल्कि लंबे समय से कंपनी में कार्यरत सभी पात्र कर्मचारियों के सामूहिक ग्रेड सुधार को लेकर है।

फिलहाल श्रमिकों की हड़ताल के चलते कंपनी में कामकाज प्रभावित होने की बात सामने आ रही है। अब देखना होगा कि प्रबंधन और श्रमिकों के बीच बातचीत से मामला सुलझता है या मांगों को लेकर आंदोलन आगे भी जारी रहता है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.

Don`t copy text!