News By- हिमांशु उपाध्याय / नितिन केसरवानी
कौशांबी: पुलिस अधीक्षक सत्य नारायण ने रविवार को पुलिस कार्यालय स्थित दुर्गा भाभी सभागार में आयोजित अपराध समीक्षा गोष्ठी में जिले की कानून-व्यवस्था और लंबित मामलों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने वांछित, इनामी, टॉप-10 एवं जिला बदर अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश देते हुए लंबित विवेचनाओं का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा। महिला अपराध, बीएनएस एवं एससी-एसटी एक्ट से जुड़े मामलों में भी त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
एसपी ने सभी थाना प्रभारियों को रात्रि गश्त, हाईवे चेकिंग और संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार निगरानी बढ़ाने के निर्देश दिए। समन, वारंट और नोटिसों की समयबद्ध तामील, गुमशुदा व्यक्तियों की बरामदगी तथा आईजीआरएस, एनसीआरपी और सीईआईआर पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों के शीघ्र निस्तारण पर विशेष जोर दिया। श्रावण मास और कांवड़ यात्रा को देखते हुए कांवड़ मार्गों, प्रमुख शिवालयों एवं संवेदनशील स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन और पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई करने और पुलिस कर्मियों को iGOT पोर्टल के माध्यम से नियमित प्रशिक्षण लेने पर भी बल दिया। एसपी ने स्पष्ट कहा कि कानून-व्यवस्था से किसी प्रकार का समझौता नहीं होगा और जनता की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी।