Breaking News in Primes

मध्य प्रदेश में हर गरीब को पक्का मकान का संकल्प होगा पूरा

0 116

मध्य प्रदेश में हर गरीब को पक्का मकान का संकल्प होगा पूरा

 

हर एक खेत को मिलेगा सिंचाई के लिए पानी

 

विदिशा को नगर निगम बनाया जाएगा, मेडिकल कॉलेज और जिला अस्पताल एक होंगे

 

प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राहियों को गृह प्रवेश कराया

 

विदिशा जिला ब्यूरो मुकेश चतुर्वेदी

विदिशा । लखपति दीदियों को प्रमाण पत्र वितरित किए, विदिशा मुख्यमंत्री डॉक्टर मोहन यादव ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संकल्प है कि हर गरीब को पक्का मकान मिले। पूरे देश में अभी तक 4 करोड़ गरीबों को पक्के मकान दिलवाए जा चुके हैं। मध्य प्रदेश में पुराने सर्वे के अनुसार 16 लाख हितग्राहियों को पक्के मकान उपलब्ध कराने हैं, आज मध्य प्रदेश को 8.5 लाख नए आवास मिले हैं, इससे हमारा यह लक्ष्य पूरा हो जाएगा। इसके बाद पुनः सर्वे कराया जाएगा, कोई भी गरीब पक्के मकान के बिना नहीं रहेगा।मध्य प्रदेश में हर गरीब को पक्का मकान का संकल्प पूरा होगा।

मुख्यमंत्री डॉक्टर यादव ने आज विदिशा में प्रधानमंत्री आवास योजना अंतर्गत नवीन लक्ष्य का आवंटन कार्यक्रम में प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राहियों को सांकेतिक रूप से गृह प्रवेश कराया और लखपति दीदियों को प्रमाण पत्र वितरित किए। उन्होंने क्षेत्र के लिए 177 करोड़ 53 लाख रुपए के विकास कार्यों का भूमि पूजन / लोकार्पण किया। इस अवसर पर केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान, प्रदेश के पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री प्रहलाद पटेल, पशुपालन एवं डेयरी राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार और विदिशा जिले के प्रभारी मंत्री लखन पटेल उपस्थित थे।

मुख्यमंत्री डॉक्टर यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हमारा एक ही ध्येय है विकास, विकास और विकास तथा हम इसकी प्राप्ति के लिए निरंतर कार्य कर रहे हैं। आने वाले 4 वर्षों में प्रदेश के बजट को दोगुना कर दिया जाएगा और हर क्षेत्र का विकास होगा। हर गरीब को पक्का मकान सहित सारी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध होंगी। प्रदेश में गरीब, महिला, युवा और किसानों के लिए विशेष मिशन चलाए जा रहे हैं। सभी का कल्याण हमारा लक्ष्य है।

मुख्यमंत्री डॉक्टर यादव ने कहा कि प्रदेश में दो बड़ी नदी जोड़ो परियोजनाओं केन बेतवा और पार्वती कालीसिंध चंबल तथा अन्य सिंचाई परियोजनाओं के माध्यम से सिंचाई के रकबे में अभूतपूर्व वृद्धि हुई है। वर्ष 2003 में जो 7 लाख हेक्टेयर ही था, अब बढ़कर 48 लाख हेक्टेयर से अधिक हो गया है। हर एक खेत को सिंचाई के लिए पानी मिलेगा। उन्होंने किसानों से कहा कि वे अपनी जमीन बिल्कुल न बेचें, कुछ समय पश्चात हम कृषि उत्पादन में पंजाब और हरियाणा को भी पीछे छोड़ेंगे।

मुख्यमंत्री डॉक्टर यादव ने कहा कि आगामी समय में विदिशा क्षेत्र का तेजी से विकास होगा। भोपाल, विदिशा, रायसेन और सीहोर को मिलाकर वृहत राजधानी परियोजना बनाई जा रही है। इसके लिए मास्टर प्लान शीघ्र ही तैयार किया जाएगा। मुख्यमंत्री डॉक्टर यादव ने क्षेत्र के विकास के लिए विभिन्न घोषणाएं की। उन्होंने घोषणा की कि विदिशा को नगर निगम बनाया जाएगा तथा विदिशा मेडिकल कॉलेज और जिला अस्पताल को एकीकृत कर सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा।

 

मध्य प्रदेश में रिकार्ड समय में बने ग्रामीण आवासरू केंद्रीय मंत्री श्री चौहान

 

 

केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि मध्य प्रदेश में प्रधानमंत्री ग्रामीण आवास और प्रधानमंत्री जन मन आवास रिकॉर्ड समय में बनाए गए, इसके लिए मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव बधाई के पात्र हैं। प्रधानमंत्री जन मन योजना के अंतर्गत पहली सड़क भी मध्य प्रदेश में बनाई गई। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के अंतर्गत आज मध्य प्रदेश को 8 लाख 21 हजार190 आवास दिए जा रहे हैं, आगामी अप्रैल मई में इतने ही आवास प्रदेश को और दिए जाएंगे। उन्होंने आवासों की स्वीकृति से संबंधित पत्र मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव को सौंपा।

कृषि मंत्री चौहान ने कहा कि जो गरीब आवास लेने से छूट गए हैं उनके लिए पुनः सर्वे कराया जा रहा है। अब स्व सर्वेक्षण की सुविधा भी सरकार दे रही है। उन्होंने बताया कि अब पात्रता की शर्तों में छूट दी गई है, जिसके अनुसार दो पहिया वाहन वाले, ₹15000 तक वार्षिक आय वाले और ढाई एकड़ तक सिंचित तथा 5 एकड़ तक असिंचित भूमि वाले हितग्राही भी प्रधानमंत्री आवास योजना के लिए पात्र होंगे। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के चैथे चरण में 2011 की जनसंख्या के अनुसार 500 की आबादी वाले तथा 250 की जनजातीय आबादी वाले गांव भी पात्र होंगे। उन्होंने बताया कि किसानों को ग्रीन हाउस, पोली हाउस, कृषि यंत्र, ड्रिप इत्यादि योजनाओं के अंतर्गत 384 करोड़ रुपए पूर्व में प्रदेश को दिए गए थे अब 435 करोड रुपए और दिए जाएंगे। लखपति दीदी बनाने के लिए एनआरएलएम योजना के अंतर्गत प्रदेश को 312 करोड़ 74 लाख रुपए की राशि दी गई है।

पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री प्रहलाद पटेल ने प्रदेश में प्रधानमंत्री आवास योजना की प्रगति की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्रदेश में जिस गति से ग्रामीण आवास का कार्य चल रहा है उसके चलते वर्ष 2026 तक हर गरीब का अपना पक्का मकान होगा। उन्होंने बताया कि पिछड़ी जनजातियों के लिए चलाई जा रही प्रधान मंत्री जन मन आवास योजना के अंतर्गत 46 हजार मकान बनाकर मध्य प्रदेश देश में प्रथम स्थान पर है। जनजातीय क्षेत्रों में सड़कों का जाल बिछाया जा रहा है। प्रदेश के ग्रामीण क्षेत्रों में जन सुविधाओं का तेजी से विकास किया जा रहा है। विदिशा विधायक मुकेश टण्डन ने कार्यक्रम को सम्बोधित किया और 105 मांगों पर आधारित मांगपत्र मुख्यमंत्री जी को सौंपा है।

इससे पहले मुख्यमंत्री डाॅ मोहन यादव ने मंच पर पहुंचकर जनता का अभिवादन किया और केन्द्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान के साथ दीप प्रज्जवलित और कन्यापूजन से कार्यक्रम का शुभांरभ किया। मुख्यमंत्री डाॅ यादव ने कन्याओं को अपनी ओर से उपहार भेंट किए है।

 

प्रदर्शनी का अवलोकन

 

 

मुख्यमंत्री डाॅ मोहन यादव एवं केन्द्रीय कृषि एवं किसान कल्याण और ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान, प्रदेश के पंचायत एवं ग्रामीण विकास और श्रम मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल, पशुपालन एवं डेयरी राज्यमंत्री व जिले के प्रभारी मंत्री श्री लखन पटेल ने संयुक्त रूप से कार्यक्रम स्थल पर विभिन्न विभागो की प्रदर्शनियों का अवलोकन किया गया है।

मुख्यमंत्री डाॅ मोहन यादव ने जिले में जिले में प्रधानमंत्री आवास योजना के उत्कृष्ट आवासो को रेखांकित करने वाली प्रदर्शनी के संबंध में बिन्दुवार जानकारी प्राप्त की। वहीं उद्यानिकी विभाग की फलोद्यान पर आधारित प्रदर्शनी में पहुंचकर कृषक श्री थान सिंह के द्वारा दिए गए अमरूद को चखा है।

मुख्यमंत्री व केन्द्रीय मंत्री ने एसआरएलएम की लखपति दीदीयो के द्वारा किए जा रहे उत्पादों का अवलोकन ही नहीं किया बल्कि मार्केटिंग कैसे करते है कि जानकारियां प्राप्त की है। मुख्यमंत्री डाक्टर मोहन यादव ने मध्य प्रदेश डे राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन द्वारा स्वच्छ सहायता समूह द्वारा निर्मित उत्पाद की प्रदर्शनी का अवलोकन ही नहीं किया बल्कि स्वयं सहायता समूह की महिला सदस्यों से संवाद किया। साथ ही उन्होंने नमो ड्रोन दीदी से संवाद कर वह किस प्रकार ड्रोन की सहायता से फसलों में कीटनाशक दवाओं का छिड़काव कर अच्छी आय अर्जित कर रही हैं के संबंध में जाना। परिसर में कृषि विभाग की प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया हैं। विभागीय अधिकारियों द्वारा अद्यतन प्रगतियों की जानकारियां सांझा की है।

 

 

अनावरण व हितलाभ वितरण

 

 

मुख्यमंत्री डाॅ मोहन यादव ने कार्यक्रम में 177.53 करोड की लागत के निर्माण कार्यो का लोकार्पण व भूमिपूजन पट्टिका का बटन दबाकर अनावरण किया है।

मुख्यमंत्री डाॅ मोहन यादव, केन्द्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान, पंचायत एवं ग्रामीण विकास और श्रम मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल, प्रभारी मंत्री लखन पटेल समेत विधायकगणो के द्वारा संयुक्त रूप से विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित होने वाले हितग्राहियों को प्रतीक स्वरूप हितलाभ के स्वीकृति पत्र प्रदाय किए है। पीएमएवाय गृह प्रवेश एक समूह के पांच हितग्र्राहियों को चाबी वितरण प्रमाण पत्र, पीएमएवाय के पांच हितग्राहियों को स्वीकृति पत्र, लखपति दीदी के एक समूह की दस हितग्राहियों को प्रमाण पत्र इसके अलावा विभिन्न योजनाओं से लाभांवित होने वाले हितग्राहियों को व्यवसाय संचालन हेतु ऋण स्वीकृति के पत्र प्रदाय किए उनमें सीसीएल के तहत मातादी स्व-सहायता समूह गोबरहेला को, कृषि आधारभूत संरचना निधि योजना के तहत सोर्टेक्स यूनिट संचालन हेतु प्रो गिरिराज फूड प्रोडक्टस के यश शर्मा और प्रो राधेश्याम वेयर हाउस की श्रीमती श्रेया को चेक वितरण किया। प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य एवं उद्यम उन्नयन योजना के तहत चिप्स व नमकीन उद्योग स्थापित करने हेतु अमित जैन को लोन स्वीकृति पत्र, मध्यप्रदेश एमएसएमई प्रोत्साहन योजना के तहत प्रोपरायटर मै बालाजी राईस मिल के रितिक मीना को राईस मिल गतिविधि संचालन के लिए स्वीकृत ऋण राशि का चेक वितरित किया। वहीं बकरी पालन के लिए श्रीमती अनवर जहां पति कादिर खान और डेयरी व्यवसाय के लिए हितग्राही संबल सिंह को स्वीकृति पत्र मौके पर प्रदाय किया है।

प्रबुद्धजनों से संवाद

मुख्यमंत्री डाॅ मोहन यादव ने कार्यक्रम स्थल में बनाए गए ग्रीनरूम में मौजूद जिले के प्रबुद्धजनों से संवाद कर विदिशा के विकास के नए आयामो के सुझावो को जाना है। उन्होंने कहा कि प्रबुद्धजनों द्वारा दिए गए जनहितैषी विकासोमुखी सुझावो पर अमल किया जाएगा। यहां प्रबुद्धजनों ने मुख्यमंत्री और केन्द्रीय मंत्री का स्वागत किया।

विदिशा की पुरानी कृषि उपज मंडी प्रागंण में सम्पन्न हुए उक्त कार्यक्रम को पंचायत एवं ग्रामीण विकास और श्रम मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल तथा विदिशा विधायक मुकेश टण्डन ने सम्बोधित किया। इस अवसर पर प्रभारी मंत्री लखन पटेल के अलावा विधायक सर्वश्री हरिसिंह सप्रे, हरिसिंह रघुवंशी, उमाकांत शर्मा, सूर्यप्रकाश मीणा के अलावा जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती गीता रघुवंशी, नगरपालिका अध्यक्ष श्रीमती प्रीति शर्मा समेत अन्य जनप्रतिनिधिगणों के अलावा भोपाल संभागायुक्त संजीव सिंह, आईजी अभय सिंह, कलेक्टर रौशन कुमार सिंह, पुलिस अधीक्षक रोहित काशवानी समेत अन्य अधिकारी, जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक, ग्रामीणजन, लाभांवित होने वाले हितग्राही व मीडियाबंधु मौजूद रहें।

This error message is only visible to WordPress admins

Error 403: The request cannot be completed because you have exceeded your quota..

Domain code: youtube.quota
Reason code: quotaExceeded

Error: No videos found.

Make sure this is a valid channel ID and that the channel has videos available on youtube.com.

Leave A Reply

Your email address will not be published.

Don`t copy text!