News By-नितिन केसरवानी
छोटी कुटी मंदिर का किया स्थलीय निरीक्षण, जर्जर दीवारों और जलनिकासी की समस्या का होगा समाधान
भरवारी/कौशांबी: ऐतिहासिक दशहरा मेला भव्य एवं सकुशल संपन्न कराने के बाद श्री रामलीला कमेटी पुरानी बाजार, भरवारी ने अब अपनी धार्मिक एवं ऐतिहासिक संपत्तियों के संरक्षण और जीर्णोद्धार की पहल तेज कर दी है। इसी क्रम में कमेटी के पदाधिकारियों ने छोटी कुटी मंदिर परिसर का स्थलीय निरीक्षण कर वहां की बदहाल स्थिति का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान मंदिर परिसर की जर्जर दीवारें, क्षतिग्रस्त कमरे और जलनिकासी की गंभीर समस्या सामने आई। पदाधिकारियों ने परिसर की अन्य अव्यवस्थाओं को भी देखा और उनके स्थायी समाधान की आवश्यकता पर जोर दिया।
इस मौके पर कमेटी अध्यक्ष संतोष केसरवानी ने कहा कि धार्मिक एवं ऐतिहासिक धरोहरों का संरक्षण कमेटी की प्राथमिकता है। छोटी कुटी मंदिर सहित कमेटी की अन्य संपत्तियों के जीर्णोद्धार और बेहतर रखरखाव के लिए जल्द ही मंदिर प्रांगण में विशेष बैठक आयोजित की जाएगी। इसमें विचार-विमर्श कर ठोस कार्ययोजना तैयार की जाएगी।

वहीं, कमेटी के संयोजक नीरज बनारसी ने कहा कि भरवारी की जनता ने जिस विश्वास और उम्मीद के साथ नई कमेटी को जिम्मेदारी सौंपी है, उस पर खरा उतरने का पूरा प्रयास किया जाएगा। कमेटी केवल धार्मिक आयोजनों तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि अपनी धरोहरों और संपत्तियों के संरक्षण के लिए भी पूरी जिम्मेदारी से कार्य करेगी।
निरीक्षण के दौरान उपाध्यक्ष विनोद केसरवानी, कोषाध्यक्ष मुकेश केसरवानी, मंत्री विनोद केसरवानी, हनुमान जी चौकी व्यवस्थापक आशीष केसरवानी, छोटी कुटी मंदिर व्यवस्थापिका श्रीमती शालिनी विनोद केसरवानी, सूरज श्रीवास्तव सहित कमेटी के अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद रहे।