लोकेशन धामनोद
गुरुकुल स्कूल की PTM में दिखा शिक्षा, संस्कृति और तकनीक का संगम
गरबा, रंगोली, आर्ट एंड क्राफ्ट प्रदर्शनी, रोबोटिक्स और ‘नेकी की दीवार’ रहे आकर्षण का केंद्र
धामनोद, 26 अक्टूबर। गुरुकुल स्कूल, धामनोद में सोमवार को अर्धवार्षिक परीक्षा के पश्चात द्वितीय अभिभावक-शिक्षक बैठक (PTM) का भव्य आयोजन किया गया। इसमें अभिभावकों ने शिक्षकों से बच्चों की शैक्षणिक प्रगति और सर्वांगीण विकास पर चर्चा की। आयोजन में शिक्षा के साथ संस्कृति, तकनीक, स्वास्थ्य जागरूकता और सामाजिक सरोकारों की अनूठी झलक देखने को मिली।


कार्यक्रम में गरबा आयोजन, ओपन स्विमिंग और विभिन्न फूड स्टॉल आकर्षण का केंद्र रहे। विद्यार्थियों द्वारा आयोजित हेल्थ चेकअप कैंप में लोगों का ब्लड प्रेशर मापा गया तथा स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया गया।
आर्ट एंड क्राफ्ट प्रदर्शनी में विद्यार्थियों ने थालियां, कलश, दीपक, तोरण सहित विभिन्न सजावटी वस्तुएं बनाकर अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया। कक्षा 1 से 12 तक के विद्यार्थियों की रंगोली प्रतियोगिता ने भी सभी का ध्यान आकर्षित किया। वहीं, ‘नेकी की दीवार’ के माध्यम से जरूरतमंद लोगों के लिए कपड़े उपलब्ध कराने की पहल की गई।


विद्यार्थियों ने ‘Say No to Drugs’ विषय पर नाटक प्रस्तुत कर नशामुक्त समाज का संदेश दिया। इसके साथ ही रोबोटिक्स, ड्रोन और अन्य तकनीकी प्रोजेक्ट्स के माध्यम से विद्यार्थियों ने अपनी वैज्ञानिक सोच, नवाचार और तकनीकी दक्षता का प्रदर्शन किया।
आयोजन के दौरान अभिभावकों ने बच्चों की प्रतिभा और विद्यालय के प्रयासों की सराहना की। इस PTM ने विद्यालय और अभिभावकों के बीच संवाद एवं सहयोग को मजबूत करने के साथ विद्यार्थियों के शैक्षणिक, सांस्कृतिक और सामाजिक विकास को बढ़ावा देने का संदेश दिया।