News By-नितिन केसरवानी
कौशाम्बी: नगर पालिका परिषद भरवारी की अध्यक्ष कविता पासी ने सोमवार को चक चमरूपुर स्थित कैंप कार्यालय में जनसुनवाई कार्यक्रम आयोजित किया। इस दौरान विभिन्न वार्डों से पहुंचे लोगों ने अपनी समस्याएं नगर अध्यक्ष के सामने रखीं। उन्होंने लोगों की शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए उनके त्वरित और उचित निस्तारण का भरोसा दिलाया।
जनसुनवाई के दौरान नगर क्षेत्र के अलग-अलग वार्डों से आए लोगों ने अपनी समस्याओं से नगर अध्यक्ष को अवगत कराया। कविता पासी ने प्रत्येक व्यक्ति की बात ध्यानपूर्वक सुनी और संबंधित मामलों में आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि जनसमस्याओं का समाधान नगर पालिका की प्राथमिकता है। लोगों को अपनी छोटी-बड़ी समस्याओं के समाधान के लिए अनावश्यक परेशान न होना पड़े, इसके लिए जनसुनवाई के माध्यम से उनकी शिकायतें सुनकर उचित कदम उठाए जा रहे हैं।

नगर अध्यक्ष ने कहा कि प्रत्येक सोमवार को चक चमरूपुर कैंप कार्यालय में जनसुनवाई आयोजित करने का उद्देश्य आम लोगों को अपनी समस्याएं रखने के लिए एक बेहतर मंच उपलब्ध कराना है। इससे नागरिकों की समस्याओं को सीधे सुनने और उनके समाधान की दिशा में प्रभावी पहल करने में मदद मिलती है।उन्होंने कहा कि नगर क्षेत्र का सर्वांगीण विकास और जन-जन की समस्याओं का समाधान उनकी प्राथमिकता है। नगर पालिका प्रशासन जनहित से जुड़े कार्यों को गंभीरता से लेते हुए नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने लोगों को आश्वस्त किया कि जनसुनवाई में प्राप्त शिकायतों के निस्तारण के लिए आवश्यक प्रयास किए जाएंगे। इस दौरान एडवोकेट आशीष पासी, नामित सभासद शिवम केसरी, उग्रसेन, अमित मिश्रा सहित अन्य कई लोग मौजूद रहे।