लोकेशन धामनोद
श्री एन.जी. जैन स्कूल में स्मृति प्रतियोगिता आयोजित, बच्चों की याददाश्त बढ़ाने की पहल
धामनोद। श्री एन.जी. जैन हायर सेकेंडरी स्कूल, धामनोद में विद्यार्थियों की स्मरण शक्ति बढ़ाने और एकाग्रता विकसित करने के उद्देश्य से स्मृति प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसमें विभिन्न कक्षाओं के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
प्रतियोगिता में विद्यार्थियों की आयु एवं कक्षा के अनुसार विभिन्न प्रकार की वस्तुएं रखी गईं। विद्यार्थियों को एक मिनट तक इन वस्तुओं को दिखाकर उनके नाम बताए गए। इसके बाद वस्तुओं को हटा दिया गया और विद्यार्थियों को याद की गई वस्तुओं के नाम एक मिनट के भीतर कागज पर लिखने थे।


प्रत्येक कक्षा में सबसे अधिक वस्तुओं के नाम सही-सही लिखने वाले विद्यार्थी को विजेता घोषित किया गया। इस रोचक गतिविधि के माध्यम से विद्यार्थियों की स्मरण शक्ति, एकाग्रता और निरीक्षण क्षमता को परखने का प्रयास किया गया।
विद्यालय प्रबंधन के अनुसार, इस प्रकार की प्रतियोगिताओं का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों की बौद्धिक क्षमता का विकास करना तथा पढ़ाई के प्रति उनकी रुचि बढ़ाना है। विद्यालय में समय-समय पर ऐसी गतिविधियों का आयोजन कर विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास को प्रोत्साहित किया जाता है।