लोकेशन धामनोद
संवाददाता मोनु पटेल
विकसित भारत की संकल्पना पर गुरुकुल विद्यालय के विद्यार्थियों ने लहराया परचम
धामनोद, 22 सितंबर 2026।
लोक शिक्षण संचालनालय, मध्यप्रदेश, भोपाल के निर्देशन में “विकसित भारत” की संकल्पना को साकार करने तथा विद्यार्थियों में राष्ट्र निर्माण, रचनात्मकता एवं अभिव्यक्ति की क्षमता विकसित करने के उद्देश्य से विद्यालय स्तर से राष्ट्रीय स्तर तक विभिन्न गतिविधियों एवं प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है।
इसी क्रम में संकुल केंद्र, धामनोद में आयोजित चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिता में गुरुकुल विद्यालय, धामनोद के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। प्रतियोगिता में क्षेत्र के लगभग 20 विद्यालयों के प्रतिभागियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
भाषण प्रतियोगिता में गुरुकुल विद्यालय के कक्षा 11वीं के विद्यार्थी कृष्णा गोयल ने संकुल स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त कर एवं कक्षा 11वीं बायो के विद्यार्थी निकुंज चौहान ने चित्रकला प्रतियोगिता में द्वितीय स्थान प्राप्तकर संभाग स्तर पर प्रतियोगिता के लिए अपना स्थान सुरक्षित किया।
दोनों विद्यार्थियों की इस उपलब्धि पर विद्यालय प्रबंधन, प्राचार्य, शिक्षकगण एवं समस्त गुरुकुल परिवार ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएँ दीं। विद्यार्थियों की सफलता यह दर्शाती है कि गुरुकुल विद्यालय शिक्षा के साथ-साथ विद्यार्थियों की रचनात्मकता, चिंतन, अभिव्यक्ति एवं राष्ट्र निर्माण की भावना को भी निरंतर प्रोत्साहित कर रहा है।
विद्यालय परिवार ने दोनों प्रतिभाशाली विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए आशा व्यक्त की कि वे आगामी स्तरों पर भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर गुरुकुल विद्यालय एवं धामनोद का नाम गौरवान्वित करेंगे।