News By- हिमांशु उपाध्याय / नितिन केसरवानी
पुलिस टीम पर फायरिंग के बाद जवाबी कार्रवाई में अलीशान के पैर में लगी गोली, भारी मात्रा में चोरी का सामान और नकदी बरामद
कौशाम्बी: कोखराज थाना क्षेत्र में पिछले कई महीनों से चोरी और नकबजनी की घटनाओं को अंजाम देने वाले गिरोह के खिलाफ कोखराज पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम को बड़ी सफलता मिली है। 22/23 अगस्त की देर रात रोही चौराहे पर चेकिंग के दौरान पुलिस की बदमाशों से मुठभेड़ हो गई। पुलिस के मुताबिक बदमाशों ने घिरने के बाद पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश के पैर में गोली लगी, जबकि उसके तीन साथियों को पुलिस ने मौके से गिरफ्तार कर लिया।
घायल बदमाश की पहचान अलीशान पुत्र कल्लू, निवासी ग्राम गनसरी, थाना संदीपनघाट, कौशाम्बी के रूप में हुई है। उसे उपचार के लिए जिला चिकित्सालय मंझनपुर भेजा गया है। गिरफ्तार अन्य आरोपियों में प्रदीप पुत्र राम सूरत निवासी ओसा थाना मंझनपुर, दीपक सोनी पुत्र अजय सोनी निवासी खल्लाबाद भरवारी थाना कोखराज और मसरूर पुत्र मो. अच्छे निवासी सिहोरी थाना कोखराज शामिल हैं।
रोही चौराहे पर चेकिंग के दौरान हुई मुठभेड़
पुलिस अधीक्षक कौशाम्बी सत्यनारायण के निर्देश पर कोखराज थाना क्षेत्र में पूर्व में हुई चोरी और नकबजनी की घटनाओं के खुलासे के लिए पुलिस की कई टीमें गठित की गई थीं। सीसीटीवी फुटेज, स्थानीय लोगों से पूछताछ और सर्विलांस की मदद से पुलिस संदिग्धों की तलाश कर रही थी।
इसी क्रम में 22/23 अगस्त की रात कोखराज पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम रोही चौराहे पर गश्त एवं चेकिंग कर रही थी। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने एक संदिग्ध फॉर्च्यूनर कार को रोकने का प्रयास किया। पुलिस के अनुसार चालक ने अचानक वाहन मोड़कर भागने का प्रयास किया। पुलिस टीम ने घेराबंदी की तो आरोपी वाहन से उतरकर भागने लगे।
इसी दौरान एक बदमाश ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने आत्मसमर्पण के लिए चेतावनी दी, लेकिन बदमाश ने दोबारा फायरिंग की। इस दौरान कोखराज थाना प्रभारी बाल-बाल बच गए। पुलिस टीम ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें अलीशान के पैर में गोली लग गई। इसके बाद उसे पकड़ लिया गया, जबकि तीन अन्य आरोपियों को भी घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया गया।

हथियार, नकदी और लाखों का चोरी का सामान बरामद
घायल अलीशान के कब्जे से 315 बोर का एक अवैध तमंचा, एक जिंदा कारतूस और दो खोखा कारतूस बरामद किए गए। इसके अलावा पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी के जेवरात, 1 लाख 03 हजार रुपये नकद तथा घटना में प्रयुक्त फॉर्च्यूनर वाहन बरामद किया है।
बरामद सामान में सफेद धातु की 7 पायल, 4 चैन, 9 सिक्के, 22 जोड़ी बिछिया और 14 अंगूठियां शामिल हैं। वहीं पीली धातु के मोती की 6 माला, 2 कान के टॉप्स, 5 नथिया और 3 नाक की कील भी बरामद हुई हैं।

चार माह से रेकी कर रहे थे बदमाश
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि गिरोह पिछले करीब चार माह से अलग-अलग स्थानों पर रेकी कर रहा था। रात के समय घरों के ताले तोड़कर और दीवार में सेंध लगाकर रुपये, जेवरात, कपड़े तथा अन्य कीमती सामान चोरी किया जाता था।
पुलिस के अनुसार आरोपी चोरी का सामान बेचने और नई चोरी के लिए रेकी करने के उद्देश्य से प्रयागराज जा रहे थे। पूछताछ में यह भी सामने आया कि अलीशान और उसके साथी पुलिस से बचने के लिए तमंचा और कारतूस साथ रखते थे तथा पकड़े जाने पर फायरिंग कर भागने की योजना रखते थे।
कोखराज थाने में सात चोरी-नकबजनी के मुकदमों से जुड़ा गिरोह
पुलिस जांच के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों का संबंध कोखराज थाना क्षेत्र में दर्ज सात चोरी/नकबजनी के मुकदमों से सामने आया है। इनमें मु0अ0सं0 204/26, 219/26, 238/26, 357/26, 392/26, 436/26 और 449/26 शामिल हैं।
मुठभेड़ के संबंध में कोखराज थाने में मु0अ0सं0 463/26, धारा 109(1) बीएनएस एवं 3/25 आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
अलीशान का लंबा आपराधिक इतिहास
घायल आरोपी अलीशान का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास सामने आया है। उसके खिलाफ प्रयागराज के सिविल लाइंस, पूरामुफ्ती तथा कौशाम्बी के कोखराज और संदीपनघाट थानों के अलावा फतेहपुर के खागा थाने में चोरी, लूट, आर्म्स एक्ट, एनडीपीएस एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमे दर्ज बताए गए हैं।
पुलिस के अनुसार प्रदीप के खिलाफ मंझनपुर थाने में तीन मुकदमे तथा मसरूर के खिलाफ मंझनपुर थाने में चोरी और नकबजनी से संबंधित दो मुकदमे दर्ज हैं। अन्य आरोपियों के आपराधिक इतिहास की भी जानकारी जुटाई जा रही है।
पुलिस टीम को मिली बड़ी सफलता
इस कार्रवाई को कोखराज थाना पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम की बड़ी सफलता माना जा रहा है। पुलिस ने बरामद सामान के आधार पर क्षेत्र में हुई अन्य चोरी की घटनाओं के संबंध में भी जांच तेज कर दी है। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ जारी है और पुलिस को गिरोह से जुड़ी अन्य घटनाओं तथा सदस्यों के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी मिलने की उम्मीद है।