*धामनोद में 108 पर सवाल, रेफर मरीज को धार सरकारी अस्पताल की जगह धामनोद के निजी अस्पताल में छोड़ा, डीएम बोले – बयान नहीं दूंगा, जो छापना है छाप दो*
लोकेशन धामनोद
*धामनोद में 108 पर सवाल, रेफर मरीज को धार सरकारी अस्पताल की जगह धामनोद के निजी अस्पताल में छोड़ा, डीएम बोले – बयान नहीं दूंगा, जो छापना है छाप दो*
*108 जननी एक्सप्रेस पर बड़ा खुलासा, बाग की गाड़ी धामनोद क्यों आई, बिना नंबर प्लेट के दौड़ रही एंबुलेंस, भोपाल अप्रूवल का हवाला।*
*धामनोद में 108 की मनमानी, रात को नहीं मिलती एंबुलेंस, डॉक्टर बोलीं – परिजनों को निजी गाड़ी करनी पड़ती है*

धामनोद/// धामनोद में 108 पर बड़े सवाल खड़े हो गए हैं। 22 नवंबर को निजी हॉस्पिटल के सामने हुए हादसे में घायल बेगंदा निवासी कृष्णा साठे को 108 धामनोद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाई थी, जहां से उसे हायर सेंटर रेफर किया गया था। लेकिन पायलट ने उसे धार शासकीय अस्पताल न ले जाकर धामनोद के ही एक निजी अस्पताल में छोड़ दिया। नियम के अनुसार , 108 मरीज को सिर्फ सरकारी अस्पताल ले जा सकती है। सूत्रों के अनुसार यह गाड़ी बाग की है, उस पर नंबर प्लेट भी नहीं थी।
धामनोद सीएचसी की मेडिकल ऑफिसर डॉ. श्वेता सावले ने कहा, रात को 108 मिलती ही नहीं, गाड़ी खराब या दूर बताई जाती है, क्रिटिकल मरीज को परिजनों को निजी गाड़ी से ले जाना पड़ता है।
शुक्रवार दोपहर 3 बजे जब 108 के डीएम धार अनिल धामनोद पहुंचे तो मीडिया से बोले, बयान नहीं दूंगा, जो छापना है छाप दो। ठेका अंजड़ के शशांक पाटीदार के पास है। भोपाल से अप्रूवल हो तो पायलट प्राइवेट अस्पताल में छोड़ सकता है।
बता दें कि 22 नवंबर को निजी हॉस्पिटल के सामने पैर अड़ाने से कृष्णा साठे, उनकी पत्नी भारती उम्र 30 साल, बेटी पूनम उम्र 12 साल और दूसरी बेटी खुशी उम्र 12 साल सहित एक ही परिवार के 4 लोग घायल हुए थे। जिनको 108 से घायलों को धामनोद के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया था, जहां से उच्च इलाज हेतु रेफर किया गया था। परंतु कहीं ना कहीं रेफर पेशेंट को उच्च इलाज हेतु जिला मुख्यालय धार शासकीय अस्पताल न ले जाते हुए धामनोद नगर के एक निजी अस्पताल में उक्त घायल पेशेंट को छोड़ा गया।
सूत्रों के अनुसार , यह 108 एंबुलेंस धार जिले के बाग में तैनात रहती है। फिर इसकी लोकेशन धामनोद क्यों आई, यह भी बड़ा सवाल है। बताया जा रहा है कि, उक्त 108 एंबुलेंस पर नंबर प्लेट भी नहीं लगी थी। वहीं सूत्रों का कहना है कि, उक्त एंबुलेंस बाग क्षेत्र की है, जो धार पेशेंट लेकर गई थी, परंतु उसकी टावर लोकेशन नजदीक आने से मौके पर उक्त एंबुलेंस को भेजा गया।
इस पूरे मामले में दूरी को लेकर भी प्रश्नचिन्ह लग रहा है। धार से बाग की दूरी कुक्षी होते हुए 99 किलोमीटर है, जबकि धार से धामनोद होते हुए बाग की दूरी 144 किलोमीटर है। अगर जननी एक्सप्रेस और 108 एंबुलेंस को धार से बाग जाना है तो उक्त कम दूरी तय न करते हुए राउंड घुमाया जाता है, जो धामनोद होते हुए निकलती है। आखिर क्या कारण रहता है कि 50 किलोमीटर दूर का फेरा लगाना पड़ता है, इस पर भी सवाल उठ रहे हैं।
अब सवाल है, क्या रेफर मरीज को निजी अस्पताल छोड़ा जा सकता है? स्वास्थ्य विभाग और जिला प्रशासन क्या कार्रवाई करता है, इस पर सबकी नजर है।