Breaking News in Primes

बीपीसीएल ने तालबेहट के वन क्षेत्र में 50 हजार सीड बॉल ड्रोन से बिखेरकर चलाया बीज बमबारी अभियान

0 0

बीपीसीएल ने तालबेहट के वन क्षेत्र में 50 हजार सीड बॉल ड्रोन से बिखेरकर चलाया बीज बमबारी अभियान

ललितपुर/तालबेहट, 22 अगस्त 2026। भारत पेट्रोलियम कॉरपोरेशन लिमिटेड (बीपीसीएल) के बीना-पानकी पाइपलाइन विभाग, बीना द्वारा पर्यावरण संरक्षण एवं वनीकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से शनिवार को तालबेहट, जिला ललितपुर, उत्तर प्रदेश के वन क्षेत्र में सीड बॉम्बिंग कार्यक्रम आयोजित किया गया। सीड बॉम्बिंग अभियान प्रारंभ हो गया है, जिसके तहत करीब 50,000 सीड बॉल वन क्षेत्र में बिखेरे जा रहे हैं।
कार्यक्रम में बीपीसीएल के वरिष्ठ अधिकारियों में मुख्य महाप्रबंधक परिचलन श्री सुनील कांबले, सहित बीना पाइपलाइन के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। अधिकारियों की सहभागिता ने पर्यावरण संरक्षण, सतत विकास और जिम्मेदार परिचालन के प्रति बीपीसीएल की प्रतिबद्धता को प्रदर्शित किया।

यह कार्यक्रम वन विभाग के समन्वय से आयोजित किया गया। कार्यक्रम का मार्गदर्शन वनसंरक्षक श्री महावीर कौजलगी, सहायक वनसंरक्षक श्री सत्येंद्र तोमर, वनक्षेत्र अधिकारी तालबेहट श्री ब्रजेंद्र सिंह तथा वनक्षेत्र अधिकारी माताटीला श्री मनोज सिंह ने किया।

इस पहल के अंतर्गत नीम, जामुन, आम, आंवला, महुआ, इमली और पीपल जैसे स्थानीय प्रजातियों के बीजों से तैयार सीड बॉल को चिन्हित वन क्षेत्रों में ड्रोन के माध्यम से वितरित किया गया। इन सीड बॉल को बीपीसीएल के सुरक्षा एवं निगरानी कर्मचारियों द्वारा स्वयं तैयार किया गया है।

सीड बॉम्बिंग एक पर्यावरण-अनुकूल तकनीक है, जिसके माध्यम से ऐसे वन क्षेत्रों में प्राकृतिक पुनरुत्पादन को बढ़ावा दिया जा सकता है, जहां पारंपरिक तरीके से पौधरोपण करना चुनौतीपूर्ण होता है। बारिश और अनुकूल प्राकृतिक परिस्थितियों में इन बीजों के अंकुरित होने से वन क्षेत्र में हरियाली बढ़ाने और स्थानीय जैव विविधता को मजबूत करने में सहायता मिलने की उम्मीद है।

सीड बॉम्बिंग कार्यक्रम में ड्रोन का उपयोग निर्धारित क्षेत्रों में बीजों के त्वरित एवं प्रभावी वितरण के लिए किया गया, जिससे दुर्गम एवं बड़े क्षेत्रों में भी कम समय में बीजों का प्रसार सुनिश्चित किया जा सके।

कार्यक्रम का सफल आयोजन पाइपलाइन क्षेत्रीय प्रमुख, श्री रोहित तिवारी के नेतृत्व में किया गया। यह पहल हरित आवरण बढ़ाने, जैव विविधता के संरक्षण, पारिस्थितिकी तंत्र के पुनर्स्थापन तथा वन विभाग के साथ सहयोग को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

सीड बॉम्बिंग के संकल्प की सफलता एवं उपयुक्त स्थानों के चयन में प्रभागीय निदेशक, ललितपुर श्री नवीन प्रकाश शाक्य जी का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

बीपीसीएल की इस पहल से पाइपलाइन के राइट ऑफ वे (ROU) के आसपास के क्षेत्रों में पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के साथ-साथ प्राकृतिक पारिस्थितिकी तंत्र के संरक्षण और पुनर्स्थापना में भी योगदान मिलने की उम्मीद है। कार्यक्रम ने पर्यावरणीय जिम्मेदारी और सतत विकास के प्रति बीपीसीएल की प्रतिबद्धता को एक बार फिर रेखांकित किया।

Leave A Reply

Your email address will not be published.

Don`t copy text!