सावन उत्सव के माध्यम से महिला सशक्तिकरण और स्वरोजगार का संदेश, पाड़ीमार में गूंजा उन्नति का संकल्प
उन्नति महासंघ के सावन उत्सव में स्वयं सहायता समूह की महिलाओं ने उत्साहपूर्वक लिया हिस्सा
कोरबा
हरियाली और उत्साह के पर्व सावन को महिला सशक्तिकरण एवं आजीविका संवर्धन से जोड़ते हुए उन्नति महासंघ, बालको, कोरबा द्वारा बालको क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर सावन उत्सव का आयोजन किया जा रहा है। इसी श्रृंखला में शनिवार, 22 अगस्त 2026 को पाड़ीमार स्थित सामुदायिक भवन में भव्य सावन उत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्र के विभिन्न स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भागीदारी की।


कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को एक मंच पर एकत्रित कर स्वरोजगार, उद्यमिता एवं आजीविका संवर्धन के प्रति जागरूक करना तथा उन्हें आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करना रहा। सावन उत्सव के दौरान विभिन्न मनोरंजक एवं पारंपरिक खेलों का आयोजन किया गया, जिसमें महिलाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। खेलों एवं सामूहिक गतिविधियों के माध्यम से कार्यक्रम स्थल पर उत्साह, उमंग और आपसी सौहार्द का वातावरण देखने को मिला।
इस अवसर पर महिलाओं के साथ छोटे-छोटे स्वरोजगार एवं आजीविका गतिविधियों से जुड़े प्रेरणादायक अनुभव साझा किए गए। महिलाओं को यह संदेश दिया गया कि सामूहिक प्रयास, कौशल विकास, उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग और बाजार से जुड़ाव के माध्यम से छोटे स्तर की गतिविधियों को भी स्थायी आय के साधन में बदला जा सकता है।


उन्नति महासंघ का उद्देश्य केवल महिलाओं को स्वयं सहायता समूहों से जोड़ना ही नहीं, बल्कि उन्हें स्वरोजगार एवं उद्यमिता के अवसरों से जोड़ते हुए आर्थिक रूप से सशक्त, आत्मनिर्भर और निर्णय लेने में सक्षम बनाना है। महासंघ द्वारा महिलाओं के उत्पादों एवं सेवाओं को बाजार से जोड़ने, नए व्यवसायिक अवसरों की जानकारी देने, कौशल विकास को बढ़ावा देने तथा विभिन्न योजनाओं एवं संस्थागत अवसरों तक पहुंच बनाने की दिशा में निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।
सावन उत्सव की यह पहल भी इसी व्यापक उद्देश्य का हिस्सा है, जिसके माध्यम से क्षेत्र की महिलाओं और समुदाय के बीच उन्नति महासंघ द्वारा उपलब्ध कराए जा रहे रोजगार, स्वरोजगार, उद्यमिता एवं आजीविका संवर्धन के अवसरों की जानकारी जन-जन तक पहुंचाई जा रही है।
इस सावन माह के दौरान बालको क्षेत्र में अब तक कुल पांच सावन उत्सव कार्यक्रम आयोजित किए जा चुके हैं। सभी कार्यक्रमों में स्वयं सहायता समूह की महिलाओं की उत्साहपूर्ण भागीदारी रही तथा कार्यक्रम सौहार्दपूर्ण वातावरण में सफलतापूर्वक संपन्न हुए। इन आयोजनों को सफल बनाने में उन्नति महासंघ की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।


उन्नति महासंघ का यह प्रयास है कि उत्सव और सामुदायिक आयोजनों को केवल मनोरंजन तक सीमित न रखते हुए उन्हें महिला सशक्तिकरण, आर्थिक आत्मनिर्भरता, स्वरोजगार और सामुदायिक विकास का माध्यम बनाया जाए। सावन उत्सव की यह श्रृंखला इसी सोच को आगे बढ़ाते हुए महिलाओं को एकजुट होकर आगे बढ़ने और अपने लिए नए अवसर तलाशने का संदेश दे रही है।