लोकेशन धामनोद
धामनोद पुलिस को मिली बड़ी सफलता, लूट के तीन आरोपी गिरफ्तार
धामनोद। धामनोद थाना पुलिस ने लूट के एक मामले का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से लूटा गया सामान बरामद किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से दो मोटरसाइकिल, एक मोबाइल फोन और घटना में प्रयुक्त चाकू जब्त किया है। बरामद सामग्री की कुल कीमत 2 लाख 72 हजार 300 रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, 31 जुलाई 2026 को राहुल पिता दत्तात्रेय मक्काने, निवासी मांडव, ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। फरियादी ने बताया कि 30 जुलाई 2026 की रात करीब 9:30 बजे वह अपनी पल्सर मोटरसाइकिल से जा रहा था। इसी दौरान तीन अज्ञात बदमाशों ने उसे रोक लिया।
आरोपियों में से एक ने चाकू अड़ाकर उसे धमकाया, जबकि अन्य आरोपियों ने उसकी बजाज पल्सर मोटरसाइकिल और ओप्पो कंपनी का मोबाइल फोन लूट लिया। विरोध करने पर आरोपियों ने चाकू से हमला कर उसके बाएं हाथ पर चोट पहुंचाई और मौके से फरार हो गए।


मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना धामनोद पुलिस ने विशेष टीम गठित कर जांच शुरू की। मुखबिर और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने संजय पिता रामप्रसाद गिरवाल (30 वर्ष), निवासी जुलवानिया, मनीष पिता राकेश भामर (19 वर्ष), निवासी नयापुरा और कमल पिता बद्रीलाल चौहान (28 वर्ष), निवासी दौलतनगर, धार को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 1 लाख 50 हजार रुपये कीमत की बजाज पल्सर मोटरसाइकिल, 21 हजार 800 रुपये कीमत का ओप्पो मोबाइल, 1 लाख रुपये कीमत की एनएस-125 मोटरसाइकिल और 500 रुपये कीमत का चाकू बरामद किया है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक संतोष सिंह यादव सहित पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका रही।