लोकेशन धामनोद
संवाददाता मोनु पटेल
धामनोद में वॉलीबॉल प्रतियोगिता के जरिए दिया नशामुक्ति का संदेश, गुरुकुल स्कूल बना विजेता
धार। मध्य प्रदेश पुलिस के “नशे से दूरी, है जरूरी 2.0” अभियान के तहत गुरुवार को धामनोद स्थित माँ नर्मदा डिग्री कॉलेज (MNDC) परिसर में वॉलीबॉल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का उद्देश्य युवाओं को खेलों के माध्यम से नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना और स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना था।
कार्यक्रम का शुभारंभ पुलिस अधीक्षक सचिन शर्मा ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विजय डावर, एसडीओपी मोनिका सिंह, थाना प्रभारी संतोष सिंह यादव सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान अभियान के अंतर्गत पूर्व में आयोजित चित्रकला, स्लोगन और निबंध प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों द्वारा तैयार उत्कृष्ट कृतियों की प्रदर्शनी भी लगाई गई। अधिकारियों ने प्रदर्शनी का अवलोकन कर विद्यार्थियों की रचनात्मक प्रतिभा की सराहना की।
वॉलीबॉल प्रतियोगिता में लॉयंस क्लब, रोटरी क्लब, लियो क्लब, पत्रकार ग्रुप, पुलिस प्रशासन, डीपीआईएस स्कूल, गुरुकुल स्कूल, आदर्श एकेडमी, रफ्तार एकेडमी तथा माँ नर्मदा डिग्री कॉलेज सहित विभिन्न संस्थाओं की टीमों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। फाइनल मुकाबले में गुरुकुल स्कूल ने पुलिस टीम को हराकर प्रथम स्थान हासिल किया।
समापन समारोह में विजेता एवं उपविजेता टीमों सहित सभी प्रतिभागियों को ट्रॉफी एवं प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। माँ नर्मदा डिग्री कॉलेज की ओर से अतिथियों को स्मृति-चिन्ह भेंट किए गए। कार्यक्रम का संचालन महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. प्रिया त्रिवेदी ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन एसडीओपी मोनिका सिंह ने व्यक्त किया। इस आयोजन के माध्यम से युवाओं को खेलों से जुड़कर नशे से दूर रहने का प्रेरक संदेश दिया गया।