*सेवा समाप्ति के 8 दिन बाद कर्मचारी की वापसी पर उठे सवाल*
*सेवा से पृथक कर्मचारी की पुनर्बहाली कैसे ओर किस नियम से हुई , जांच की मांग*
सूरज गौड़
उन्हेल:-नगर परिषद उन्हेल में विनियमित कर्मचारी राजेन्द्र सोलंकी की सेवा समाप्ति के आठ दिन बाद दोबारा कार्य पर वापसी को लेकर सवाल उठ रहे हैं। कार्यालयीन दस्तावेजों के अनुसार, 22 जुलाई 2026 को कारण बताओ नोटिस जारी करने के बाद 24 जुलाई को आदेश क्रमांक 1321/सामान्य/2026 के माध्यम से उनकी सेवा समाप्त की गई थी। वहीं, सूत्रों के अनुसार, 1 अगस्त 2026 को उन्हें दोबारा नगर परिषद में कार्य करते हुए लेखा शाखा में जिम्मेदारी संभालते देखा गया।

सवाल यह कि सेवा समाप्ति के बाद किस नियम और किस सक्षम अधिकारी की अनुमति से उन्हें दोबारा कार्य पर लिया गया…? यदि उन्हें पुनः विनियमित कर्मचारी अथवा दैनिक वेतनभोगी के रूप में रखा गया है, तो क्या इसके लिए कोई लिखित आदेश जारी किया गया या नहीं..? इन सवालों को लेकर प्रशासनिक प्रक्रिया पर स्पष्टीकरण की आवश्यकता है।
मामले में कलेक्टर उज्जैन, आयुक्त नगरीय प्रशासन एवं विकास तथा सहायक आयुक्त, संभागीय कार्यालय नगरीय प्रशासन उज्जैन से सेवा समाप्ति और पुनर्बहाली प्रकरण की जांच कर नियमानुसार स्थिति स्पष्ट करने की मांग की जा रही है।
इस संबंध में नगर परिषद उन्हेल के सीएमओ जितेंद्र राणा से फोन पर संपर्क किया गया उनके द्वारा बताया कि कर्मचारी को नोटिस देने एवं हटाने का मेरा अधिकार में है और उक्त कर्मचारी की पार्षद ने शिकायत की थी तो कार्यवाही की गई अब उक्त कर्मचारी ने माफी मांग ली तो उसको पुनः कार्य पर मैने रख लिया यह मेरे अधिकत में है।
इस प्रकरण की जांच होने के बाद ही आरोपों की सत्यता ओर नगर पालिका सेवा भारती नियम क्या है सामने आयेंगे।