Breaking News in Primes

तेज रफ्तार ट्रैक्टर से गिरकर मजदूर की मौत, परिवार में मचा कोहराम

0 4

News By- हिमांशु उपाध्याय / नितिन केसरवानी
भरवारी/कौशाम्बी। कोखराज थाना क्षेत्र के ककोढ़ा ओवरब्रिज पर गुरुवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में 18 वर्षीय मजदूर की मौत हो गई। ईंट भट्ठे से ईंट लादकर जा रहे ट्रैक्टर-ट्रॉली से गिरने के बाद युवक पहिए की चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया और मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ट्रैक्टर-ट्रॉली ईंट भट्ठे से ईंट लेकर कल्याणपुर की ओर जा रही थी। जैसे ही वाहन ककोढ़ा ओवरब्रिज पर पहुंचा, ट्रॉली पर बैठा मजदूर अंकित पटेल (18 वर्ष) पुत्र अनिलेश पटेल निवासी अमहा अचानक असंतुलित होकर नीचे गिर पड़ा। गिरते ही वह ट्रॉली के पहिए की चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
हादसे की सूचना राहगीरों ने तत्काल डायल-112 और कोखराज पुलिस को दी। सूचना मिलते ही सीओ सिराथू सत्येंद्र तिवारी एवं कोखराज थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतक के परिजनों को घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। रोते-बिलखते परिजन मौके पर पहुंच गए। सीओ सिराथू ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच के निर्देश दिए हैं। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई में जुटी हुई है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.

Don`t copy text!