लोकेशन धामनोद
लापरवाही का खामियाजा: साइड शोल्डर अधूरा, कार बचाने में मक्की से भरी ट्रॉली पलटी
हिमालय स्कूल के नजदीक सर्विस रोड पर बड़ा हादसा होते-होते टल गया, जब साइड शोल्डर अधूरा होने की वजह से एक किसान की मक्की से भरी ट्रॉली पलट गई। बताया जा रहा है कि सामने से आ रही कार को बचाने के प्रयास में चालक ने वाहन को साइड में लिया, लेकिन सड़क किनारे शोल्डर नहीं भरा होने के कारण ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलट गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, सर्विस रोड पर लंबे समय से साइड शोल्डर अधूरा पड़ा है, जिससे वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। यह लापरवाही किसी बड़े हादसे को न्योता दे रही है।
गनीमत रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन ट्रॉली में भरी मक्की सड़क पर फैल गई, जिससे कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा।
टोल प्रबंधन का वर्जन:
टोल प्रबंधन का कहना है कि सड़क की मरम्मत और शोल्डर भरने का कार्य संबंधित विभाग के अधीन आता है। उनकी ओर से समय-समय पर संबंधित एजेंसी को अवगत कराया जाता रहा है। उन्होंने आश्वासन दिया कि समस्या के समाधान के लिए फिर से पत्राचार किया जाएगा, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
स्थानीय लोगों की मांग:
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि सर्विस रोड के साइड शोल्डर को जल्द से जल्द दुरुस्त किया जाए, ताकि रोजाना आवागमन करने वाले लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।