बैतूल / घोड़ाडोंगरी / घोड़ाडोंगरी में बरगी जलाशय क्रूज हादसे के मृतकों को श्रद्धांजलि, नगर हुआ शोकमग्न
बैतूल / घोड़ाडोंगरी / घोड़ाडोंगरी में बरगी जलाशय क्रूज हादसे के मृतकों को श्रद्धांजलि, नगर हुआ शोकमग्न
।
घोड़ाडोंगरी। बरगी जलाशय में हुए हृदयविदारक क्रूज हादसे ने पूरे क्षेत्र को स्तब्ध कर दिया है। इस भीषण दुर्घटना में असमय काल का ग्रास बने दिवंगतों की आत्मा की शांति के लिए आज घोड़ाडोंगरी नगर में एक श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया।
दो मिनट का मौन रख दी श्रद्धांजलि ।
नगर के मुख्य हॉस्पिटल चौक पर आयोजित इस सभा में समाज के हर वर्ग के लोग बड़ी संख्या में शामिल हुए। कार्यक्रम की शुरुआत दिवंगतों के चित्रों पर पुष्प अर्पित कर की गई। इसके पश्चात उपस्थित जनसमूह ने दो मिनट का मौन धारण कर ईश्वर से दिवंगत आत्माओं की शांति एवं परिजनों को संबल प्रदान करने की प्रार्थना की।
उमड़ा जनसैलाब, दिखी एकजुटता ।
हादसे के प्रति संवेदना व्यक्त करने के लिए नगर सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में लोग पहुंचे।
नगर के व्यापारियों ने स्वेच्छा से अपने प्रतिष्ठान बंद रखे
युवाओं और वरिष्ठ नागरिकों ने सक्रिय भागीदारी निभाई
हर वर्ग के लोगों ने एकजुट होकर पीड़ित परिवारों के प्रति सहानुभूति व्यक्त की ।
सभा में वक्ताओं ने कहा कि यह घटना अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है और इसने सभी को झकझोर कर रख दिया है। उपस्थित लोग केवल शोक व्यक्त करने ही नहीं, बल्कि पीड़ित परिवारों के साथ खड़े होने का संदेश देने आए।
सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
सभा के अंत में नगर के समाजसेवी प्रीतिवर्धन चतुर्वेदी ने प्रशासन एवं पर्यटन विभाग से मांग की कि जलाशयों एवं जल क्रीड़ा स्थलों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए जाएं, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
कार्यक्रम के समापन पर बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. मनोज पाटनकर द्वारा महामृत्युंजय मंत्र का जाप कर श्रद्धांजलि अर्पित की गई। नम आंखों के साथ सभा का समापन हुआ, जहां उपस्थित जनसमूह ने पीड़ित परिवारों तक अपनी संवेदनाएं पहुंचाने का संकल्प लिया।