अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर बैतूल पुलिस की कार्यशाला
महिला व बालिका सुरक्षा पर जागरूकता, उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं का सम्मान
अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर बैतूल पुलिस की कार्यशाला
महिला व बालिका सुरक्षा पर जागरूकता, उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं का सम्मान
बैतूल। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर महिलाओं एवं बालिकाओं के विरुद्ध होने वाले अपराधों की रोकथाम और जन-जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से जिला पुलिस बैतूल द्वारा पुलिस कंट्रोल रूम में एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन पुलिस अधीक्षक श्री वीरेन्द्र जैन के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती कमला जोशी के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।
कार्यशाला में वरिष्ठ खंड मजिस्ट्रेट एवं सचिव विधिक सेवा प्राधिकरण श्रीमती शर्मिला बिलवार, वन स्टॉप सेंटर, आदिम जाति कल्याण विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग की आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, सखी सहायता केंद्र, जन साहस संस्था, महिला पत्रकार एवं समाजसेवी श्रीमती गौरी बलापुरे सहित जिले में पदस्थ महिला पुलिस अधिकारियों ने भाग लिया।
कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों को महिलाओं एवं बालिकाओं के विरुद्ध होने वाले अपराधों, पॉक्सो एक्ट, साइबर अपराध, बाल विवाह, बाल श्रम तथा मानव तस्करी जैसे गंभीर विषयों पर विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही इन अपराधों की रोकथाम तथा महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा से जुड़े विभिन्न कानूनी प्रावधानों के बारे में भी अवगत कराया गया।
कार्यशाला के दौरान बालिकाओं की सुरक्षा एवं बाल विवाह के विरुद्ध उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य समाज में महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा इनसे संबंधित अपराधों के प्रति संवेदनशीलता विकसित करना रहा।