News By- हिमांशु उपाध्याय / नितिन केसरवानी
साइबर सेल और साइबर क्राइम थाना की तत्परता से मिली सफलता, ऑनलाइन ठगी के शिकार युवक को वापस मिली मेहनत की कमाई
कौशाम्बी: जिले में साइबर अपराधियों के खिलाफ पुलिस अधीक्षक सत्य नारायण के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान का सकारात्मक असर दिखाई देने लगा है। साइबर ठगी के शिकार लोगों को राहत दिलाने के लिए कौशाम्बी पुलिस लगातार प्रभावी कार्रवाई कर रही है। इसी क्रम में साइबर सेल और साइबर क्राइम थाना की संयुक्त प्रयास से एक पीड़ित के खाते से धोखाधड़ी कर निकाली गई एक लाख रुपये की पूरी धनराशि वापस करा दी गई। अपनी मेहनत की कमाई वापस मिलने पर पीड़ित ने पुलिस टीम का आभार जताया।
मामला सराय अकिल थाना क्षेत्र के इमली गांव का है। गांव निवासी कार्तिक मिश्रा पुत्र शिवाकांत मिश्रा के बैंक खाते से बीते 19 नवंबर 2026 को यूपीआई के माध्यम से साइबर ठगों ने धोखाधड़ी कर एक लाख रुपये निकाल लिए थे। घटना की जानकारी होने पर पीड़ित ने तत्काल एनसीआरपी पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत संख्या 23111260231494 के आधार पर साइबर पुलिस ने मामले की जांच शुरू की।
पुलिस अधीक्षक सत्य नारायण के निर्देश पर साइबर अपराध से जुड़े मामलों में त्वरित कार्रवाई करने के क्रम में जनपदीय साइबर सेल एवं साइबर क्राइम थाना की टीम ने मामले को गंभीरता से लिया। टीम ने तकनीकी माध्यमों से प्रभावी कार्रवाई करते हुए ठगी की धनराशि वापस कराने के लिए आवश्यक प्रयास किए। पुलिस की सक्रियता और तत्परता के चलते 27 नवंबर 2026 को पीड़ित के बैंक खाते में धोखाधड़ी से निकाली गई पूरी एक लाख रुपये की रकम वापस करा दी गई।
अपनी मेहनत की कमाई वापस मिलने से पीड़ित कार्तिक मिश्रा ने राहत की सांस ली और कौशाम्बी पुलिस की कार्यशैली की सराहना करते हुए अधिकारियों एवं साइबर टीम के प्रति आभार व्यक्त किया।
साइबर ठगी होने पर तत्काल करें शिकायत
कौशाम्बी पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी प्रकार की ऑनलाइन या साइबर धोखाधड़ी होने पर बिना देर किए राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं अथवा आधिकारिक पोर्टल www.cybercrime.gov.in पर ऑनलाइन शिकायत करें। किसी अनजान लिंक पर क्लिक न करें और न ही किसी व्यक्ति के साथ अपना ओटीपी, बैंक खाते या यूपीआई से संबंधित गोपनीय जानकारी साझा करें।
एसपी सत्य नारायण के निर्देशन में साइबर अपराध के विरुद्ध जारी अभियान से ठगी के शिकार लोगों को राहत मिलने के साथ ही पुलिस के प्रति आमजन का विश्वास भी मजबूत हो रहा है।