Breaking News in Primes

मोटापुरा में मसाला एवं दाल प्रोसेसिंग यूनिट का शुभारंभ

0 0

मोटापुरा में मसाला एवं दाल प्रोसेसिंग यूनिट का शुभारंभ

 

 

खरगोन जिले से

 

 

महिला उत्पादक समूहों को मिला स्थानीय कृषि उपज के मूल्य संवर्धन का अवसर

 

प्रसंस्करण, बाजार से जुड़ाव और सामूहिक व्यवसाय से बढ़ेगी समूहों की आय

 

खरगोन 23 अगस्त 2026। कलेक्टर श्री गुरु प्रसाद एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत श्री मिलिंद कुमार नागदेवे के मार्गदर्शन में ग्राम मोठापुरा स्थित कृषक सहायता केंद्र में श्रीकृष्ण आजीविका उत्पादक समूह, ग्राम लोनारा की मसाला प्रोसेसिंग यूनिट तथा जय माता दी आजीविका उत्पादक समूह, ग्राम रजुर की दाल प्रोसेसिंग यूनिट का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जनपद पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि श्री संतोष पंवार रहे।

 

कार्यक्रम में अतिथि द्वारा दोनों प्रोसेसिंग यूनिट का फीता काटकर शुभारंभ किया गया। इसके पश्चात मां सरस्वती का पूजन एवं दीप प्रज्वलन किया गया। कार्यक्रम का संचालन ब्लॉक मैनेजर श्री धर्मेंद्र दुबे ने किया।

 

जिला पंचायत खरगोन के DPM श्री रमाकांत पाटीदार ने महिला उत्पादक समूहों को सामूहिक व्यवसाय, कृषि उपज के प्रसंस्करण एवं मूल्य संवर्धन के लिए प्रेरित किया। उन्होंने गुणवत्तापूर्ण उत्पादन कर बाजार से जुड़ने तथा उत्पादों के माध्यम से समूहों की आय बढ़ाने पर जोर दिया। जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री संदीप मुजाल्दा ने दोनों यूनिटों का नियमित संचालन करते हुए व्यवसाय को आगे बढ़ाने के संबंध में मार्गदर्शन दिया।

 

कार्यक्रम में उद्यानिकी विभाग से श्री ओसारी, ब्लॉक वाटरशेड टीम, गणगौर कृषक उत्पादक कंपनी लिमिटेड के अध्यक्ष श्री चंद्रकांत पाटीदार एवं सचिव श्री महेश पाटीदार, म.प्र. डे-राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन से श्री सावन पाटीदार एवं श्रीमती शिवकन्या सिसोदिया सहित श्री अरशद अहमद शेख एवं श्री अलकेश पाटीदार उपस्थित रहे।

 

एक्सेस डेवलपमेंट सर्विसेज, खरगोन टीम से श्री मुकेश पाटीदार, श्री मोहित पाटीदार एवं श्री रत्नेश पाटीदार ने भी सहभागिता की। कार्यक्रम में महिला उत्पादक समूहों की सदस्याओं सहित कुल 38 प्रतिभागी उपस्थित रहे।

 

कार्यक्रम के अंत में श्री मुकेश पाटीदार ने सभी अतिथियों, अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, महिला सदस्यों एवं सहयोगी टीम का आभार व्यक्त किया। दोनों यूनिटों के शुभारंभ से स्थानीय कृषि उपज के प्रसंस्करण, मूल्य संवर्धन और बाजार से जुड़ाव को बढ़ावा मिलने के साथ महिला उत्पादक समूहों की आय में वृद्धि की उम्मीद है। कार्यक्रम के समापन पर अतिथियों द्वारा पौधारोपण भी किया गया।

Leave A Reply

Your email address will not be published.

Don`t copy text!