वनकर्मियों पर हमले के बाद प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, 225 एकड़ वनभूमि अतिक्रमण मुक्त
खंडवा। खंडवा वन मंडल के गुड़ी वन परिक्षेत्र अंतर्गत आमा खूजरी क्षेत्र में वनकर्मियों पर हुए हमले के बाद जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की। अभियान चलाकर अतिक्रमणकारियों के कब्जे से करीब 225 एकड़ वनभूमि को अतिक्रमण मुक्त कराई गई।
यह कार्रवाई कलेक्टर ऋषभ गुप्ता, पुलिस अधीक्षक अगम जैन एवं वन मंडल अधिकारी राकेश डामोर के निर्देशन में राजस्व, पुलिस और वन विभाग की संयुक्त टीम द्वारा की गई।
अभियान के दौरान अतिक्रमण हटाने के लिए 30 से अधिक बुलडोजर लगाए गए, जबकि सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए 600 पुलिस जवान एवं वनकर्मी तैनात रहे।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शासकीय एवं वन भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। वनभूमि की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आगे भी आवश्यक कार्रवाई जारी रहेगी।