Breaking News in Primes

*सायबर अपराधों की रोकथाम एवं जन-जागरूकता हेतु “SAFE CLICK – 2.0” अभियान के पाँचवे दिन भी खरगोन पुलिस के द्वारा चलाए गए वृहद स्तर पर जागरूकता कार्यक्रम* 

0 0

*सायबर अपराधों की रोकथाम एवं जन-जागरूकता हेतु “SAFE CLICK – 2.0” अभियान के पाँचवे दिन भी खरगोन पुलिस के द्वारा चलाए गए वृहद स्तर पर जागरूकता कार्यक्रम*

 

 

खरगोन जिले से प्राइम संदेश

 

 

*पुलिस ने _ग्राम पंचायतों मे साइबर चौपाल_ लगाकर आमजन को किया सायबर सुरक्षा के प्रति जागरूक*

 

वर्तमान में बढ़ते साइबर अपराधों एवं साइबर धोखाधड़ी के मामलों पर प्रभावी अंकुश लगाने तथा आमजन को साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से पुलिस मुख्यालय, भोपाल के निर्देशन में दिनांक 24.06.2026 से 08.07.2026 तक प्रदेशव्यापी “SAFE CLICK 2.0” अभियान संचालित किया जा रहा है । अभियान का मुख्य उद्देश्य नागरिकों को साइबर फ्रॉड के विभिन्न तरीकों एवं उनसे बचाव के उपायों की जानकारी देकर उन्हें जागरूक एवं सतर्क बनाना है ।

 

प्राप्त निर्देशों के परिपालन में पुलिस अधीक्षक खरगोन श्री रविन्द्र वर्मा के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) श्री बिट्टू सहगल एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) श्रीमती शकुन्तला रुहल के मार्गदर्शन में जिले के समस्त थाना एवं चौकी क्षेत्रों में वृहद स्तर पर साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं ।

 

अभियान के अंतर्गत आज अभियान के पाँचवे दिन पुलिस के द्वारा ग्राम पंचायतों मे साइबर चौपाल लगाकर ग्रामीणों को साइबर अपराधों से बचाव संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की गई जिसमें *सरपंच, सचिव, पंचायत प्रतिनिधियों एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणों* ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की तथा साइबर सुरक्षा संबंधी पम्पलेट्स का वितरण किया गया । अभियान के दौरान खरगोन पुलिस द्वारा नागरिकों को सोशल मीडिया एवं इंटरनेट के सुरक्षित उपयोग, ऑनलाइन लेन-देन में बरती जाने वाली सावधानियों तथा “SAFE CLICK 2.0” अभियान के उद्देश्यों से अवगत कराया गया ।

 

साथ ही लोगों को नई तकनीकों के उपयोग के दौरान सतर्क रहने, किसी भी प्रकार की जल्दबाजी में निर्णय न लेने तथा साइबर ठगी का शिकार होने से बचने के लिए जागरूक किया गया । आमजन को बताया गया कि साइबर अपराधों से बचाव का सबसे प्रभावी माध्यम जागरूकता, सतर्कता एवं सही जानकारी है । कार्यक्रमों के दौरान डिजिटल अरेस्ट, फर्जी इन्वेस्टमेंट एप्लीकेशन, एपीके (APK) फाइल के माध्यम से होने वाली व्हाट्सएप हैकिंग, फर्जी कैशबैक एवं रिफंड ऑफर, फेक कॉल, फर्जी सोशल मीडिया प्रोफाइल, जॉब स्कैम, मैट्रिमोनियल वेबसाइट धोखाधड़ी, बैंकिंग एवं पेंशन संबंधी साइबर फ्रॉड सहित वर्तमान में प्रचलित साइबर अपराधों के विभिन्न तरीकों की विस्तृत जानकारी दी गई । इसके अतिरिक्त नागरिकों को अपनी व्यक्तिगत एवं बैंकिंग जानकारी किसी के साथ साझा न करने, मजबूत पासवर्ड का उपयोग करने, अनजान लिंक पर क्लिक न करने, संदिग्ध ई-मेल एवं संदेशों से सावधान रहने तथा सोशल मीडिया का सुरक्षित उपयोग करने के संबंध में भी जागरूक किया गया ।

 

खरगोन पुलिस द्वारा नागरिकों को यह भी बताया गया कि यदि किसी व्यक्ति के साथ किसी प्रकार की ऑनलाइन धोखाधड़ी या साइबर अपराध घटित होता है, तो वह तत्काल गृह मंत्रालय द्वारा जारी राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज करा सकता है अथवा राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल https://cybercrime.gov.in पर ऑनलाइन शिकायत कर सकता है ।

 

खरगोन पुलिस आमजन से अपील करती है कि साइबर अपराधों से सुरक्षित रहने हेतु सदैव सतर्क रहें, किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें तथा स्वयं जागरूक होने के साथ-साथ अपने परिवार एवं समाज के अन्य लोगों को भी साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करें ।

Leave A Reply

Your email address will not be published.

Don`t copy text!