Breaking News in Primes

कौशाम्बी में सनसनीखेज खुलासा: चित्रकूट घूमने के बहाने बुलाकर महिला की गला दबाकर हत्या, तीन आरोपी गिरफ्तार

0 1

News By- हिमांशु उपाध्याय / नितिन केसरवानी

कौशाम्बी: थाना पश्चिम शरीरा क्षेत्र के अंतर्गत सड़क किनारे मिली अज्ञात महिला की लाश के मामले का पुलिस ने मंगलवार को सनसनीखेज खुलासा कर दिया है। पुलिस ने हत्या के आरोप में एक महिला समेत तीन शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने पैसे के विवाद और बहस के दौरान महिला की दुपट्टे से गला घोंटकर हत्या की थी और शव को सुनसान जगह फेंककर फरार हो गए थे। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से मृतका का पर्स, मोबाइल और हत्या में इस्तेमाल की गई इको स्पोर्ट कार बरामद कर ली है।
बीती 15 मई को पश्चिम शरीरा-बैरमपुर मार्ग पर ग्राम गढ़ी बाजार के आगे सड़क किनारे एक अज्ञात महिला का शव बरामद हुआ था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक (एसपी) सत्यनारायण ने खुद घटनास्थल का मुआयना किया था। शव की शिनाख्त और आरोपियों की धरपकड़ के लिए क्षेत्राधिकारी के नेतृत्व में एसओजी, सर्विलांस और स्थानीय पुलिस समेत तीन टीमों का गठन किया गया था। विवेचना के दौरान मृतका की पहचान मगलावती (पत्नी इन्दर लोधी), निवासी भगतन का पुरवा, मंझनपुर के रूप में हुई。
मंगलवार (19 मई) को पुलिस टीम जजौली महावां नहर पटरी रोड पर वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर की सटीक सूचना पर पुलिस ने एक संदिग्ध कार को रोका। कार में सवार एक महिला और दो युवकों को हिरासत में लेकर जब कड़ाई से पूछताछ की गई, तो उन्होंने महिला की हत्या कर शव फेंकने का जुर्म कबूल कर लिया।


गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान:
अनूपा उर्फ अमृता (पत्नी दिनेश राय), निवासी गांगेपुर बरजहा, आजमगढ़ (हाल पता: फाफामऊ, प्रयागराज),अभिनन्दन उर्फ विभांशु (पुत्र विवेक राय), निवासी छिडी बिछडी, आजमगढ़,अवनीश राय(पुत्र विवेक राय), निवासी छिडी बिछडी, आजमगढ़।
मुख्य आरोपी महिला अनूपा उर्फ अमृता ने पुलिस को बताया कि वह मृतका मगलावती को पिछले दो साल से जानती थी। 14/15 मई की रात मगलावती ने उसे फोन कर चित्रकूट घूमने चलने को कहा। अनूपा अपनी बहन के दोनों बेटों (अभिनन्दन और अवनीश) को साथ लेकर इको स्पोर्ट कार से पहुंची और मगलावती को गाड़ी में बैठा लिया।
रास्ते में जब अनूपा ने गाड़ी में तेल डलवाने के लिए पैसे मांगे, तो मगलावती ने कहा कि चित्रकूट चलकर वहीं पैसे मिलेंगे। इसी बात को लेकर गाड़ी में ही विवाद शुरू हो गया। बहस इतनी बढ़ी कि मगलावती ने अनूपा और गाड़ी चला रहे युवक को लात मार दी। इस बात से गुस्साए तीनों आरोपियों ने मिलकर मगलावती का गला दबा दिया और उसके ही दुपट्टे से कसकर उसकी जान ले ली। इसके बाद शव को बैरमपुर के पास सड़क किनारे फेंककर तीनों प्रयागराज भाग गए थे।
पुलिस ने अभियुक्तों की निशानदेही पर मृतका का लाल रंग का पर्स, मोबाइल फोन, घटना में प्रयुक्त फोर्ड इको स्पोर्ट कार (UP14CM8800) और अभियुक्तों के दो मोबाइल बरामद किए हैं। इस सफल अनावरण में थाना पश्चिम शरीरा पुलिस, एसओजी और सर्विलांस टीम की मुख्य भूमिका रही। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उन्हें न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.

Don`t copy text!