Breaking News in Primes

सात माह की गर्भवती विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, मायके पक्ष ने लगाया हत्या का आरोप

0 10

News By- हिमांशु उपाध्याय / नितिन केसरवानी

मंझनपुर के नया नगर द्वितीय में घर के अंदर मिला शव, वर्ष 2023 में हुई थी शादी; पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा

कौशाम्बी: मंझनपुर थाना क्षेत्र के नया नगर द्वितीय में रविवार को सात से आठ माह की गर्भवती विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। उसका शव घर के अंदर साड़ी के सहारे लटका मिला। घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंचे मायके पक्ष के लोगों ने ससुराल वालों पर प्रताड़ित करने और फांसी लगाकर हत्या किए जाने का आरोप लगाया है। परिजनों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

जानकारी के अनुसार, करारी क्षेत्र की रहने वाली संगीता गुप्ता की शादी वर्ष 2023 में मंझनपुर के नया नगर द्वितीय निवासी अंकुश गुप्ता के साथ हुई थी। बताया जाता है कि संगीता सात से आठ माह की गर्भवती थी। रविवार को घर के अंदर उसका शव साड़ी के सहारे लटका मिला। घटना की जानकारी मिलने पर करारी से मायके पक्ष के लोग मौके पर पहुंचे। बेटी की मौत की खबर सुनकर परिजनों में चीख-पुकार मच गई।

मृतका के भाई ने आरोप लगाया कि शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष के लोग छोटी-छोटी बातों को लेकर उसकी बहन को परेशान और प्रताड़ित करते थे। भाई ने संगीता की मौत को सामान्य घटना मानने से इनकार करते हुए आरोप लगाया कि उसकी बहन की फांसी लगाकर हत्या की गई है। उसने पुलिस प्रशासन से पूरे मामले की गंभीरता से जांच कराने और दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।

घटना की सूचना मिलने पर मंझनपुर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस परिजनों के आरोपों सहित सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।

फिलहाल विवाहिता की मौत के पीछे की वास्तविक वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही मौत के कारणों का पता चल सकेगा। सात माह की गर्भवती विवाहिता की संदिग्ध मौत से क्षेत्र में शोक और चर्चा का माहौल है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.

Don`t copy text!