- लोकेशन धामनोद
डीपीएल सीजन-2 का ऐतिहासिक समापन, जूनियर में सफायर वॉरियर्स तो सीनियर में रूबी चैलेंजर्स बनी चैंपियन
धामनोद, 28 नवंबर। दिल्ली पब्लिक इंटरनेशनल स्कूल (DPIS), धामनोद में आयोजित क्रिकेट प्रतियोगिता डीपीएल सीजन-2 का भव्य एवं रोमांचक समापन हुआ। फाइनल मुकाबलों में जूनियर वर्ग में सफायर वॉरियर्स और सीनियर वर्ग में रूबी चैलेंजर्स ने शानदार प्रदर्शन करते हुए चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया। प्रतियोगिता के अंतिम मुकाबले देखने के लिए खिलाड़ियों के अभिभावक, प्रायोजक, विद्यालय के बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स, शिक्षक एवं बड़ी संख्या में खेल प्रेमी उपस्थित रहे। पूरे मैदान में उत्साह और खेल भावना का माहौल देखने को मिला।
जूनियर फाइनल में सफायर वॉरियर्स की शानदार जीत
जूनियर वर्ग के फाइनल में टोपाज टाइगर्स ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 8 ओवर में 6 विकेट पर 60 रन बनाए। लकी जोशी ने 9 गेंदों में 28 रनों की आतिशी पारी खेली। सफायर वॉरियर्स की ओर से कप्तान काव्यराज सिंह मंडलोई और हर्ष की शानदार गेंदबाजी के साथ चुस्त क्षेत्ररक्षण देखने को मिला। टीम ने चार खिलाड़ियों को रन आउट कर विपक्षी टीम को बड़ा स्कोर बनाने से रोक दिया।

61 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी सफायर वॉरियर्स ने महज 6 ओवर में 3 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया और 7 विकेट से मुकाबला जीत लिया। चंदन सर ने 15 गेंदों में 26 रनों की नाबाद पारी खेली, जबकि कप्तान काव्यराज सिंह मंडलोई ने भी महत्वपूर्ण योगदान दिया। हरफनमौला प्रदर्शन के लिए काव्यराज को फाइनल का मैन ऑफ द मैच चुना गया।
सीनियर फाइनल में रूबी चैलेंजर्स का दबदबा
सीनियर वर्ग के फाइनल में सफायर वॉरियर्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 10 ओवर में 5 विकेट पर 82 रन बनाए। अभिषेक पाटीदार ने 31 और कप्तान अक्षत गुप्ता ने 22 रनों का योगदान दिया। रूबी चैलेंजर्स की ओर से शुभ सेन और संस्कार चौरे ने दो-दो विकेट हासिल किए।
83 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी रूबी चैलेंजर्स ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 8.2 ओवर में 2 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। विकेटकीपर कमलेश भार्गव ने 25 रनों की तेजतर्रार पारी खेली, वहीं कप्तान आदर्श पाटीदार ने मात्र 18 गेंदों में 38 रन बनाकर टीम को 8 विकेट से ऐतिहासिक जीत दिलाई। शानदार कप्तानी पारी के लिए आदर्श पाटीदार को फाइनल का मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के बीच हुआ भव्य पुरस्कार वितरण

फाइनल मुकाबलों के बाद विद्यालय परिसर में रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया गया। विद्यार्थियों ने मनमोहक नृत्य प्रस्तुत कर समारोह में चार चांद लगा दिए। मुख्य अतिथि विधायक श्री कालूसिंह ठाकुर एवं भाजपा ब्लॉक अध्यक्ष श्रीमती ममता वर्मा का विद्यालय प्रबंधन एवं बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स द्वारा स्वागत किया गया। अतिथियों ने खिलाड़ियों के प्रदर्शन, अनुशासन और खेल भावना की सराहना करते हुए विजेता एवं उपविजेता टीमों को ट्रॉफी प्रदान की।
सीनियर वर्ग के प्रमुख पुरस्कार
पूरे टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन करने वाले अक्षत गुप्ता को 148 रन और 5 विकेट के प्रदर्शन के लिए प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट चुना गया। उन्होंने सर्वाधिक 14 छक्के लगाने का पुरस्कार भी हासिल किया।
सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज – कमलेश भार्गव (156 रन)
सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज – दिव्यराज सिंह मंडलोई (10 विकेट)
मैन ऑफ द मैच (फाइनल) – आदर्श पाटीदार
सर्वश्रेष्ठ शिक्षक खिलाड़ी – दर्श शर्मा सर (79 रन, 11 विकेट)
सर्वश्रेष्ठ बालिका खिलाड़ी – हीरक पाटीदार
सर्वाधिक चौके – अश्विनी शर्मा (18 चौके)
जूनियर वर्ग में काव्यराज का दोहरा सम्मान
जूनियर वर्ग में काव्यराज सिंह मंडलोई ने 94 रन और 4 विकेट के प्रदर्शन के दम पर प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट तथा फाइनल का मैन ऑफ द मैच दोनों खिताब अपने नाम किए। उन्होंने सर्वाधिक 9 चौके लगाने का पुरस्कार भी हासिल किया।
सर्वश्रेष्ठ शिक्षक खिलाड़ी – लकी जोशी (187 रन)
सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज – चेतन मुजाल्दा
सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज – रिद्धिम चौहान (5 विकेट)
सर्वाधिक विकेट – सानिध्य यादव (5 विकेट)
सर्वश्रेष्ठ बालिका खिलाड़ी – यति पाटीदार
सर्वाधिक छक्के – लकी जोशी (18 छक्के)
समारोह के अंत में विद्यालय के बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स कमल पाटीदार, सुभाष पाटीदार, दिनेश पाटीदार, विजय पाटीदार, महादेव, दीनबंधु एवं संतोष मामा सहित प्रायोजकों, शिक्षकों और अभिभावकों ने सभी विजेता खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं। डीपीएल सीजन-2 का सफल आयोजन विद्यार्थियों में खेल प्रतिभा, टीम भावना, अनुशासन और प्रतिस्पर्धा की भावना को प्रोत्साहित करने की दिशा में एक यादगार पहल साबित हुआ।