News By- हिमांशु उपाध्याय / नितिन केसरवानी
सराय अकिल पुलिस 15 मोबाइल बरामद कर जनपद में रही अव्वल, कोखराज दूसरे और सैनी थाना तीसरे स्थान पर
कौशाम्बी: जिले में गुमशुदा मोबाइल फोन की बरामदगी को लेकर कौशाम्बी पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस अधीक्षक सत्यनारायण के निर्देशन और सख्त मॉनिटरिंग में चलाए गए विशेष अभियान के तहत जनपद की पुलिस टीमों ने अलग-अलग कंपनियों के कुल 103 गुमशुदा मोबाइल फोन बरामद किए हैं। बरामद मोबाइलों की अनुमानित कीमत करीब 22 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस ने सभी मोबाइल फोन उनके वास्तविक स्वामियों की पहचान करने के बाद उन्हें वापस सौंप दिए।
मोबाइल फोन खोने के बाद उनकी वापसी की उम्मीद छोड़ चुके लोगों के लिए पुलिस की यह कार्रवाई बड़ी राहत लेकर आई है। इस अभियान में सर्विलांस टीम और सीईआईआर (CEIR) पोर्टल की तकनीकी सहायता से गुमशुदा मोबाइलों को तलाशने में सफलता मिली। जनपद के विभिन्न थानों पर नियुक्त कंप्यूटर ऑपरेटरों और सीसीटीएनएस पुलिस टीमों ने मोबाइल फोन से संबंधित तकनीकी जानकारियों का विश्लेषण कर उनकी पहचान और लोकेशन का पता लगाया। इसके बाद पुलिस टीमों ने अलग-अलग स्थानों से मोबाइल बरामद कर उन्हें उनके मालिकों तक पहुंचाया।
सराय अकिल पुलिस ने मारी बाजी, कोखराज दूसरे स्थान पर
मोबाइल बरामदगी के मामले में सराय अकिल थाना पुलिस ने सर्वाधिक 15 मोबाइल फोन बरामद कर जनपद में पहला स्थान हासिल किया। वहीं कोखराज थाना पुलिस 13 मोबाइल बरामद कर दूसरे और सैनी थाना पुलिस 12 मोबाइल बरामद कर तीसरे स्थान पर रही।
इसके अतिरिक्त पश्चिम शरीरा पुलिस ने 10, चरवा ने आठ, संदीपन घाट ने आठ, मंझनपुर ने आठ, करारी ने छह, कड़ाधाम ने छह, पिपरी ने पांच, कौशाम्बी ने चार, महेवाघाट ने चार तथा मोहब्बतपुर पइंसा थाना पुलिस ने चार गुमशुदा मोबाइल फोन बरामद किए।

एसपी के निर्देशन में तकनीक और पुलिस की सक्रियता से मिली सफलता
पुलिस अधीक्षक सत्यनारायण ने गुमशुदा मोबाइल फोन की बरामदगी को गंभीरता से लेते हुए संबंधित पुलिस टीमों को प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए थे। उनके निर्देशन में पुलिस टीमों ने तकनीकी संसाधनों का बेहतर इस्तेमाल करते हुए अभियान को सफल बनाया। मोबाइल फोन वापस मिलने पर लोगों ने पुलिस की कार्यशैली की सराहना की।
इस संबंध में पुलिस ने आमजन से अपील की है कि मोबाइल फोन गुम होने पर तत्काल संबंधित थाने में लिखित सूचना दें। इसके अलावा भारत सरकार के सीईआईआर पोर्टल www.ceir.gov.in पर भी ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराई जा सकती है। पोर्टल के माध्यम से गुम या चोरी हुए मोबाइल फोन को ब्लॉक कराने तथा उसकी बरामदगी की प्रक्रिया में सहायता मिलती है।
कौशाम्बी पुलिस की इस कार्रवाई से न केवल पीड़ितों को आर्थिक राहत मिली है, बल्कि पुलिस के प्रति आमजन का विश्वास भी मजबूत हुआ है। यह अभियान दर्शाता है कि पुलिस की सक्रियता और आधुनिक तकनीक का समन्वय नागरिकों की समस्याओं के समाधान में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।