Breaking News in Primes

बैतूल के रेल यात्रियों को बड़ी सौगात, केंद्रीय मंत्री दुर्गादास उइके के प्रयासों से भुसावल-नागपुर एक्सप्रेस के संचालन को मिली स्वीकृति

0 0

बैतूल के रेल यात्रियों को बड़ी सौगात, केंद्रीय मंत्री दुर्गादास उइके के प्रयासों से भुसावल-नागपुर एक्सप्रेस के संचालन को मिली स्वीकृति

 

केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने पत्र के माध्यम से दी जानकारी,

 

बैतूल, घोड़ाडोंगरी, आमला और मुलताई सहित क्षेत्र के यात्रियों को मिलेगा रेल कनेक्टिविटी का लाभ।

 

बैतूल :- बैतूल संसदीय क्षेत्र में रेल सुविधाओं के विस्तार और यात्रियों की लंबे समय से चली आ रही मांग को लेकर केंद्रीय जनजातीय कार्य राज्य मंत्री श्री दुर्गादास उइके के निरंतर प्रयासों को महत्वपूर्ण सफलता मिली है। उनके द्वारा रेल मंत्रालय के समक्ष उठाए गए विषय और 6 अगस्त 2026 को प्रेषित पत्र के संदर्भ में केंद्रीय रेल, सूचना एवं प्रसारण तथा इलेक्ट्रॉनिकी और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री श्री अश्विनी वैष्णव ने पत्र के माध्यम से अवगत कराया है कि भुसावल से नागपुर के मध्य नई ट्रेन क्रमांक 11111/11112 भुसावल-नागपुर एक्सप्रेस के संचालन को स्वीकृति प्रदान कर दी गई है।

इस ट्रेन का संचालन छनेरा, खिरकिया, हरदा, टिमरनी, घोड़ाडोंगरी, बैतूल, आमला एवं मुलताई के मार्ग से किए जाने की स्वीकृति प्रदान की गई है।

 

इससे बैतूल सहित आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को भुसावल और नागपुर के बीच रेल संपर्क का एक नया विकल्प उपलब्ध होगा। क्षेत्रीय आवागमन, व्यापार, शिक्षा, चिकित्सा एवं अन्य आवश्यक यात्राओं को भी इससे सुविधा मिलने की उम्मीद है।

 

केंद्रीय मंत्री श्री दुर्गादास उइके ने इस महत्वपूर्ण निर्णय के लिए प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में देशभर में रेल अवसंरचना का निरंतर विस्तार हो रहा है। इसी क्रम में रेल मंत्री श्री अश्विनी वैष्णव जी द्वारा जनभावनाओं और क्षेत्रीय आवश्यकताओं को प्राथमिकता देते हुए बैतूल संसदीय क्षेत्र के लिए इस रेल सुविधा को स्वीकृति प्रदान करना सराहनीय है।

 

उन्होंने रेल मंत्री श्री अश्विनी वैष्णव जी का विशेष आभार व्यक्त करते हुए कहा कि क्षेत्र की जनता की सुविधा, बेहतर कनेक्टिविटी और विकास के लिए केंद्र सरकार निरंतर प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। बैतूल की रेल कनेक्टिविटी को मजबूत करने की दिशा में यह निर्णय क्षेत्र के विकास और जनसुविधाओं के विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.

Don`t copy text!