ट्रक की जोरदार टक्कर से पलटी कार, सड़क की दूसरी पटरी पर पहुंची; रेलवे पुलिस चौकी प्रभारी समेत दो घायल
News By- हिमांशु उपाध्याय / नितिन केसरवानी
कौशाम्बी: कोखराज थाना क्षेत्र के कसिया पश्चिम स्थित हनुमान मंदिर के पास मंगलवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया। पीछे से तेज रफ्तार ट्रक ने प्रयागराज की ओर जा रही कार में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार पलटते हुए सड़क की दूसरी पटरी पर जा पहुंची। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। गनीमत रही कि कार के एयरबैग खुल जाने से बड़ा हादसा टल गया। हालांकि दुर्घटना में कार सवार दो लोग घायल हो गए।
जानकारी के मुताबिक, फर्रुखाबाद कोतवाली क्षेत्र की रेलवे रोड पुलिस चौकी के प्रभारी ज्ञान प्रकाश पांडेय पुत्र शेषनारायण पांडेय अपनी कार संख्या UP 35 B 6332 से किसी कार्यवश हाईकोर्ट प्रयागराज जा रहे थे। जैसे ही उनकी कार कोखराज थाना क्षेत्र के कसिया पश्चिम स्थित हनुमान मंदिर के पास पहुंची, तभी पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने कार में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही कार अनियंत्रित होकर पलट गई और सड़क की दूसरी पटरी पर जा पहुंची।

हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। दुर्घटना की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर जुट गए। सूचना मिलने पर कोखराज पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार कराया गया। इसके बाद दोनों को दूसरी गाड़ी से प्रयागराज रवाना किया गया।
पुलिस ने फरार ट्रक चालक और वाहन की तलाश शुरू कर दी है। हादसे के चलते कुछ देर तक घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुटी रही।