कौशाम्बी के स्कूली बच्चों की बस कन्नौज में भीषण हादसे का शिकार, 4 छात्रों की मौत, कई घायल; मचा कोहराम
News By- हिमांशु उपाध्याय / नितिन केसरवानी
आगरा-मथुरा शैक्षिक भ्रमण से लौट रही थी बस, एक्सप्रेस-वे पर खड़े वाहन में पीछे से ट्रक ने मारी जोरदार टक्कर, तिर्वा मेडिकल कॉलेज में घायलों का चल रहा इलाज
कौशाम्बी: आगरा और मथुरा के शैक्षिक भ्रमण से लौट रहे कौशाम्बी के स्कूली बच्चों की बस मंगलवार सुबह कन्नौज जिले में भीषण सड़क हादसे का शिकार हो गई। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर ठठिया थाना क्षेत्र में पीछे से आए तेज रफ्तार ट्रक ने सड़क किनारे खड़ी स्कूल बस में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में चार छात्रों की मौत हो गई, जबकि कई छात्र और स्कूल स्टाफ घायल हो गए। घटना की खबर मिलते ही कौशाम्बी में हड़कंप मच गया। बच्चों के परिजनों में चीख-पुकार मच गई।
जानकारी के मुताबिक, सिराथू स्थित ओरिएंटल ओरिएंट पब्लिक स्कूल की बस कक्षा छह से दसवीं तक के करीब 50 छात्र-छात्राओं और शिक्षकों व कर्मचारियों को लेकर आगरा-मथुरा शैक्षिक भ्रमण पर गई थी। भ्रमण पूरा करने के बाद बस कौशाम्बी लौट रही थी। मंगलवार सुबह करीब 5:45 से 6 बजे के बीच कन्नौज जिले के ठठिया थाना क्षेत्र में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे के किलोमीटर संख्या 209-210 के पास बस को रोका गया था। बताया जा रहा है कि बच्चे वॉशरूम जाने के लिए बस से उतरे थे। इसी दौरान पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने खड़ी बस को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि बस बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार बच्चों में अफरा-तफरी मच गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार और कोहराम मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस, यूपीडा की टीम, एंबुलेंस और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंच गए।

चार छात्रों की मौत, कई की हालत गंभीर
इस दर्दनाक हादसे में चार छात्रों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि कई बच्चे और स्कूल स्टाफ घायल हुए हैं। घायलों को तत्काल एंबुलेंस की मदद से तिर्वा स्थित मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया। गंभीर रूप से घायल कुछ लोगों को बेहतर उपचार के लिए अन्य अस्पतालों में रेफर किए जाने की जानकारी है। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य के साथ घायलों के उपचार की व्यवस्था में जुटे रहे।
बस खड़ी करने की जगह को लेकर उठे सवाल
हादसे के बाद एक्सप्रेस-वे पर स्कूल बस खड़ी करने की जगह को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जिस स्थान पर बस रोकी गई थी, वहां निर्धारित रेस्ट एरिया नहीं था। ऐसे में बस को वहां खड़ा करने के फैसले पर सवाल उठ रहे हैं। हालांकि, हादसे के वास्तविक कारणों का पता पुलिस की जांच के बाद ही चल सकेगा।

कौशाम्बी में परिजनों में मचा कोहराम
कौशाम्बी के बच्चों की बस दुर्घटनाग्रस्त होने और चार छात्रों की मौत की खबर से जिले में शोक की लहर दौड़ गई। परिजन अपने बच्चों की कुशलक्षेम जानने के लिए बेचैन नजर आए। हादसे ने एक बार फिर स्कूली बच्चों के शैक्षिक भ्रमण के दौरान सुरक्षा व्यवस्था और यातायात नियमों के पालन को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।