बाकानेर के किरण उद्योग में घुसा 6.5 फीट लंबा अजगर, थैंक्यू नेचर वेलफेयर सोसायटी ने किया सफल रेस्क्यू
लोकेशन धामनोद
बाकानेर के किरण उद्योग में घुसा 6.5 फीट लंबा अजगर, थैंक्यू नेचर वेलफेयर सोसायटी ने किया सफल रेस्क्यू
मजदूरों में मचा हड़कंप, टीम ने सुरक्षित रेस्क्यू कर अजगर को प्राकृतिक आवास में छोड़ा
बाकानेर। ग्राम बाकानेर स्थित निजी किरण उद्योग (जिनिंग) परिसर में गुरुवार को करीब 6.5 फीट लंबा विशाल अजगर घुसने से हड़कंप मच गया। उद्योग में काम कर रहे मजदूरों ने अजगर को देखकर तत्काल इसकी सूचना जिनिंग संचालक विनोद दोसी और पंचायत सचिव भगवान सिंह सोलंकी को दी। इसके बाद वन विभाग और थैंक्यू नेचर वेलफेयर सोसायटी, धामनोद को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही सोसायटी की टीम सक्रिय हुई और सदस्य कुणाल सिंह एवं राजकुमार पाटीदार मौके पर पहुंचे। दोनों ने सावधानीपूर्वक रेस्क्यू अभियान चलाते हुए अजगर को सुरक्षित पकड़ लिया। इस दौरान किसी को कोई नुकसान नहीं पहुंचा।
रेस्क्यू के बाद वन विभाग के नियमानुसार अजगर को समीप के जंगल में उसके प्राकृतिक आवास में सुरक्षित छोड़ दिया गया।
वन्यजीव संरक्षण में जुटी सोसायटी

थैंक्यू नेचर वेलफेयर सोसायटी, धामनोद क्षेत्र में वन्यजीवों के संरक्षण और संकट में फंसे जीवों के रेस्क्यू का कार्य लगातार कर रही है। अजगर के सफल रेस्क्यू और टीम की तत्परता की ग्रामवासियों ने सराहना की।