News By-नितिन केसरवानी
प्रयागराज: प्रयागराज पुलिस लाइन में बुधवार दोपहर गोली लगने से 2011 बैच के हेड कांस्टेबल अजय मौर्या की मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। अजय मौर्या न्यायिक अधिकारी की सुरक्षा में तैनात थे और पुलिस लाइन परिसर स्थित सरकारी आवास में अपने परिवार के साथ रहते थे।
घटना की सूचना मिलते ही एडिशनल पुलिस कमिश्नर (एलओ) समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच गए। घायल हेड कांस्टेबल को तत्काल स्वरूपरानी नेहरू (एसआरएन) अस्पताल ले जाया गया,जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

अजय मौर्या मूल रूप से वाराणसी जिले के चोलापुर क्षेत्र के रहने वाले थे। एसीपी विवेक यादव के मुताबिक, सरकारी शस्त्र से अचानक गोली चलने के कारण यह घटना हुई। शुरुआती तौर पर इसे दुर्घटनावश गोली चलने का मामला बताया गया है।
वहीं,घटना को लेकर आत्महत्या की आशंका भी जताई जा रही है। बताया जा रहा है कि गोली अजय मौर्या की गर्दन के दाहिने हिस्से में लगी थी। हालांकि,घटना की वास्तविक वजह को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है। मामले में पुलिस की जांच के बाद ही पूरी स्थिति साफ हो सकेगी।