*रेलवे ओवरब्रिज की धूल से लोग परेशान, स्कूल मार्ग पर भारी वाहनों की नो-एंट्री की मांग*
ब्लॉक युवा कांग्रेस ने कलेक्टर के नाम तहसीलदार को सौंपा ज्ञापन, विद्यार्थियों की सुरक्षा और धूल से राहत दिलाने की उठाई मांग
घोड़ाडोंगरी, ।
घोड़ाडोंगरी में निर्माणाधीन रेलवे ओवरब्रिज के कार्य के दौरान उड़ रही धूल से आम नागरिकों को हो रही परेशानी और सांदीपनि स्कूल मार्ग पर विद्यार्थियों की सुरक्षा का मुद्दा उठाते हुए कांग्रेस नेताओं ने प्रशासन से आवश्यक कार्रवाई की मांग की है। इस संबंध में कलेक्टर बैतूल के नाम तहसीलदार के माध्यम से ज्ञापन सौंपा गया।

युवा कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष रुपेश भोरवंशी ने कहा कि रेलवे ओवरब्रिज निर्माण के दौरान कच्ची सड़क पर पानी का छिड़काव नहीं होने से धूल उड़ती है। इससे राहगीरों और आम नागरिकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। युवा कांग्रेस ने मांग की कि निर्माण एजेंसी को निर्देशित कर प्रतिदिन कम से कम तीन बार पानी का छिड़काव कराया जाए, ताकि धूल से होने वाली परेशानी कम हो सके।
*स्कूल मार्ग पर नो-एंट्री जोन बनाने की मांग*
ज्ञापन में सांदीपनि स्कूल मार्ग पर विद्यार्थियों की सुरक्षा का मुद्दा भी उठाया गया। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि स्कूल आने और छुट्टी होने के समय बच्चों की आवाजाही अधिक रहती है। ऐसे में भारी वाहनों के आवागमन से दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। इसे देखते हुए सुबह 9 से 11 बजे तक और शाम 4 से 6 बजे तक भारी वाहनों के लिए नो-एंट्री जोन निर्धारित करने की मांग की गई है।
कांग्रेस नेताओं ने प्रशासन से आग्रह किया कि जनहित और विद्यार्थियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए दोनों समस्याओं पर शीघ्र कार्रवाई की जाए।
*ये रहे उपस्थित*

ज्ञापन सौंपने वालों में कांग्रेस घोड़ाडोंगरी ब्लॉक अध्यक्ष सोनू हरप्रीत खनूजा, युवा कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष रुपेश भोरवंशी,मंडलम अध्यक्ष दिलीप यादव, कन्हैया राठौर, पार्षद राहुल इवने, शुभम साहू, आजाद सिंह इरपाचे, यश साहू, मुकेश महोबिया, संजय साल्वे रोहित इवने राजा इमरान खान, सुनील सलाम तथा कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राजेश राजपूत संतोष ऊईके फौजी सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।