गोगावां शासकीय अस्पताल में स्थायी महिला रोग विशेषज्ञ की मांग, जमीयत उलमा-ए-हिंद ने कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन
गोगावां शासकीय अस्पताल में स्थायी महिला रोग विशेषज्ञ की मांग, जमीयत उलमा-ए-हिंद ने कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन
गोगावां/खरगोन। गोगावां क्षेत्र के शासकीय अस्पताल में स्थायी महिला रोग विशेषज्ञ (Lady Gynaecologist) की नियुक्ति की मांग को लेकर जमीयत उलमा-ए-हिंद, इंदौर संभाग ने खरगोन कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा है।
ज्ञापन में बताया गया कि गोगावां क्षेत्र आसपास के ग्रामीण एवं दूर-दराज के गांवों से बड़ी संख्या में गरीब और जरूरतमंद मरीज उपचार के लिए शासकीय अस्पताल पहुंचते हैं। अस्पताल की ओपीडी में प्रतिदिन करीब 250 से 300 मरीज आते हैं और कई अवसरों पर यह संख्या 300 से अधिक हो जाती है।

ज्ञापन के अनुसार अस्पताल में स्थायी महिला रोग विशेषज्ञ उपलब्ध नहीं होने के कारण महिलाओं को गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं के उपचार एवं परामर्श के लिए जिला अस्पताल खरगोन अथवा निजी अस्पतालों का रुख करना पड़ता है। इससे ग्रामीण एवं गरीब परिवारों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ, समय और आवागमन की परेशानी बढ़ रही है।
जमीयत ने यह भी कहा कि अस्पताल में चिकित्सकीय स्टाफ एवं आवश्यक पैरामेडिकल स्टाफ की कमी है, जिसके कारण मरीजों को अपेक्षित स्वास्थ्य सुविधाएं नहीं मिल पा रही हैं। छोटे ऑपरेशन एवं आवश्यक प्रक्रियाओं के लिए भी मरीजों को खरगोन रेफर करना पड़ता है।
ज्ञापन में कलेक्टर से गोगावां शासकीय अस्पताल में अनुभवी एवं योग्य स्थायी महिला रोग विशेषज्ञ की तत्काल पदस्थापना, चिकित्सकों एवं आवश्यक पैरामेडिकल स्टाफ की कमी दूर करने, नियमित स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ की ओपीडी सुनिश्चित करने तथा छोटे ऑपरेशन एवं उपचार की आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की गई है।

जमीयत ने अस्पताल की वर्तमान व्यवस्थाओं का निरीक्षण करवाकर आवश्यक सुधार तत्काल किए जाने की भी मांग की है। ज्ञापन में कहा गया कि गोगावां जैसे बड़े क्षेत्र में महिला रोग विशेषज्ञ की उपलब्धता केवल सुविधा नहीं, बल्कि क्षेत्र की महिलाओं की महत्वपूर्ण स्वास्थ्य आवश्यकता है।