News By- हिमांशु उपाध्याय / नितिन केसरवानी
कौशाम्बी: कोखराज थाना क्षेत्र में रोही-भरवारी मार्ग के पास स्थित अमरूद के बाग में मंगलवार को एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव मिलने की सूचना पर आसपास के ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जुट गई। ग्रामीणों ने तत्काल घटना की जानकारी कोखराज पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस के साथ फोरेंसिक टीम ने भी मौके पर पहुंचकर आवश्यक साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान भरवारी निवासी प्रदुम सोनकर के रूप में बताई जा रही है। हालांकि युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हैं, लेकिन पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट होने की उम्मीद है।
फिलहाल कोखराज पुलिस मामले की जांच में जुटी है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ ही घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर मौत के कारणों का पता लगाने का प्रयास कर रही है। युवक की मौत हादसा, आत्महत्या या किसी अन्य वजह से हुई है, इसका खुलासा जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा।
