शहीद मदनलाल अहाके को विधायक, पुलिस एवं भाजपा प्रतिनिधिमंडल ने दी श्रद्धांजलि
चोपना। स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर 15 अगस्त 2026 को चोपना मंडल के ग्राम डुल्हारा में देश की रक्षा के लिए अपने प्राणों का बलिदान देने वाले वीर शहीद सिपाही मदनलाल अहाके को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस अवसर पर विधायक गंगा सज्जन सिंह उइके, चोपना थाना प्रभारी रवि सेक्य तथा चोपना मंडल के भाजपा प्रतिनिधिमंडल ने शहीद के निवास पहुंचकर उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण किया और पूजा-अर्चना कर उन्हें नमन किया।
श्रद्धांजलि कार्यक्रम में शहीद मदनलाल अहाके के परिजनों से भी मुलाकात की गई। जनप्रतिनिधियों एवं उपस्थित लोगों ने परिजनों का सम्मान करते हुए उनके प्रति संवेदना एवं सम्मान व्यक्त किया। इस दौरान ग्रामीणों ने भी बड़ी संख्या में उपस्थित होकर वीर शहीद को श्रद्धासुमन अर्पित किए।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने कहा कि देश की सीमाओं की रक्षा करते हुए अपने प्राणों की आहुति देने वाले वीर जवानों का ऋण देश कभी नहीं चुका सकता। शहीद मदनलाल अहाके का त्याग और बलिदान आने वाली पीढ़ियों के लिए सदैव प्रेरणा का स्रोत रहेगा। देश की स्वतंत्रता और सुरक्षा के लिए अपने प्राण न्योछावर करने वाले वीरों के कारण ही आज हम स्वतंत्र वातावरण में जीवन जी रहे हैं।
वक्ताओं ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल उत्सव मनाने का अवसर नहीं, बल्कि देश के वीर स्वतंत्रता सेनानियों और शहीद जवानों के त्याग एवं बलिदान को याद करने का दिन भी है। शहीदों के जीवन से हमें देशप्रेम, कर्तव्यनिष्ठा, साहस और राष्ट्र के प्रति समर्पण की प्रेरणा मिलती है। उन्होंने कहा कि शहीद परिवारों का सम्मान करना और उनकी भावनाओं का आदर करना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।
इस अवसर पर चोपना मंडल अध्यक्ष श्री विप्लव समादार, थाना प्रभारी चोपना श्री रवि सेक्य, मंडल महामंत्री श्री केयूलाल यादव, मंडल उपाध्यक्ष श्री मृत्युंजय सरकार एवं श्री दिलीप दुर्वे, मंडल मंत्री श्री परोसीन मंडल, भाजपा कार्यकर्ता श्री नारायण मंडल, श्री विजन मिस्त्री, श्री पवित्र बिस्वास, श्री सौरव पॉल एवं श्री महेश यादव, सरपंच श्री पाण्डु मार्शकोले, उपसरपंच श्री गणेश यादव, श्री रंगलाल सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता एवं ग्रामवासी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सभी लोगों ने शहीद मदनलाल अहाके के बलिदान को नमन करते हुए उनके आदर्शों पर चलने तथा देश की एकता, अखंडता एवं सम्मान के लिए सदैव समर्पित रहने का संकल्प व्यक्त किया। श्रद्धांजलि कार्यक्रम के दौरान ग्राम डुल्हारा में देशभक्ति और भावुकता का वातावरण रहा।