लोकेशन धामनोद
डीपीआईएस धामनोद में गरिमामय रूप से मनाया गया 80वाँ स्वतंत्रता दिवस समारोह
*धामनोद।* 80वें स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर *दिल्ली पब्लिक इंटरनेशनल स्कूल, धामनोद* में स्वतंत्रता दिवस समारोह का भव्य एवं गरिमामय आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य विषय *स्वतंत्रता का संकल्प : सशक्त नारी, समर्थ युवा, सुरक्षित समाज* रहा। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने देशभक्ति के साथ-साथ नारी सशक्तिकरण, युवा जागरूकता, सामाजिक जिम्मेदारी एवं सुरक्षित समाज का प्रभावशाली संदेश दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ *भारत माता पूजन एवं ध्वजारोहण* के साथ हुआ। भारत माता पूजन एवं ध्वजारोहण विद्यालय के डायरेक्टर, प्राचार्य, उपप्राचार्या एवं समन्वयक द्वारा किया गया। इसके पश्चात विद्यार्थियों द्वारा अनुशासित एवं जोशपूर्ण *मार्च पास्ट* प्रस्तुत किया गया। इसके बाद राष्ट्रीय गीत की प्रस्तुति ने पूरे वातावरण को देशभक्ति की भावना से ओत-प्रोत कर दिया।
समारोह में विद्यार्थियों द्वारा *नारी सशक्तिकरण एवं युवा वर्ग की सामाजिक चुनौतियों* पर आधारित प्रभावशाली नृत्य-नाटिका प्रस्तुत की गई। प्रस्तुति के माध्यम से समाज में व्याप्त विभिन्न कुरीतियों, नकारात्मक सोच तथा युवाओं के समक्ष उपस्थित चुनौतियों को उजागर करते हुए *हिम्मत, आत्मविश्वास, सकारात्मक सोच और जीवन के प्रति आशावादी दृष्टिकोण* अपनाने का संदेश दिया गया। विद्यार्थियों की शानदार एवं रंगारंग प्रस्तुति ने उपस्थित सभी अतिथियों एवं अभिभावकों का मन मोह लिया।
कार्यक्रम को और अधिक विविधतापूर्ण बनाते हुए विद्यार्थियों ने *विभिन्न भारतीय भाषाओं में स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएँ* प्रस्तुत कीं। इस प्रस्तुति ने भारत की महान संस्कृति एवं *विविधता में एकता* की भावना को सुंदर एवं प्रभावशाली रूप में प्रदर्शित किया।
इस अवसर पर विद्यालय के *प्राचार्य धीरज जायसवाल* ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए उन्हें सशक्त, जिम्मेदार एवं आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने विद्यार्थियों से अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी ईमानदारी, निष्ठा एवं समर्पण के साथ करने तथा देश के जिम्मेदार नागरिक बनने का आह्वान किया।
*Investiture Ceremony 2026–27 : छात्र परिषद का सम्मान*
स्वतंत्रता दिवस समारोह के अवसर पर विद्यालय की *छात्र परिषद 2026–27* में चयनित छात्र-छात्राओं का स्वागत एवं सम्मान किया गया। नव-चयनित छात्र परिषद के सदस्यों को *शपथ एवं बैज* प्रदान किए गए। इस अवसर पर विद्यालय के संचालकगण *कमल पाटीदार, विजय पारीक, सुभाष पाटीदार, विजय गाडिया, विजय जनता, दिनेश पाटीदार, संतोष पाटीदार, महादेव पाटीदार, दीनबंधु पाटीदार, वीरेंद्र पाटीदार एवं अनिल पाटीदार* उपस्थित रहे। चयनित छात्र-छात्राओं के अभिभावकों की उपस्थिति ने समारोह की गरिमा को और बढ़ाया।
विद्यालय के संचालक *विजय पारीक* ने नव-चयनित छात्र परिषद के सदस्यों का मार्गदर्शन करते हुए उन्हें *सशक्त, दृढ़, ईमानदार एवं जिम्मेदार नेतृत्वकर्ता* बनने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने विद्यार्थियों से अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन पूर्ण ईमानदारी एवं निष्ठा के साथ करने तथा जीवन में आत्मनिर्भर एवं स्वावलंबी बनने का आग्रह किया।
कार्यक्रम की रूपरेखा एवं आयोजन *प्राचार्य धीरज जायसवाल, उपप्राचार्या ऊषा यादव एवं समन्वयक गौरव दुबे* के मार्गदर्शन में किया गया। कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं का सहयोग सराहनीय रहा।
समारोह का संचालन छात्र-छात्राओं द्वारा अत्यंत उत्साह, आत्मविश्वास एवं जोश के साथ किया गया। कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए *कोऑर्डिनेटर रफीक अंसारी* ने सभी अतिथियों, अभिभावकों, शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं विद्यार्थियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
यह समारोह विद्यार्थियों में *देशभक्ति, नेतृत्व क्षमता, सामाजिक जिम्मेदारी, नारी सम्मान एवं राष्ट्र निर्माण की भावना* को सुदृढ़ करने वाला प्रेरणादायी अवसर रहा।