राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम अंतर्गत निःशुल्क जांच एवं सर्जरी चयन शिविर 07 अगस्त को
जिला चिकित्सालय खरगोन में विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा होगी जांच
पात्र बच्चों की सर्जरी RBSK एवं आयुष्मान भारत योजना के तहत निःशुल्क होगी
खरगोन 06 अगस्त 2026। राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम (आरबीएसके) के अंतर्गत 07 अगस्त 2026 को प्रातः 11:00 बजे से शाम 4:00 बजे तक जिला चिकित्सालय, खरगोन स्थित जिला प्रारंभिक हस्तक्षेप केंद्र (डीईआईसी) में निःशुल्क जांच एवं सर्जरी चयन शिविर का आयोजन किया जाएगा। शिविर में भोपाल के लाहोटी हॉस्पिटल एंड रिसर्च सेंटर के विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा बच्चों की जांच कर सर्जरी के लिए पात्र हितग्राहियों का चयन किया जाएगा।

डीईआईसी मैनेजर श्री विनोद पंवार ने बताया कि शिविर में कटे होंठ एवं फटे तालु (क्लेफ्ट लिप एवं क्लेफ्ट पैलेट), हर्निया, हाइड्रोसील, हाइपोस्पेडियास, टंग टाई तथा सिस्ट से संबंधित मरीजों की विशेषज्ञ जांच की जाएगी। जांच उपरांत पात्र मरीजों की सर्जरी राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम एवं आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत पूर्णतः निःशुल्क कराई जाएगी। चयनित हितग्राहियों को उसी दिन लाहोटी हॉस्पिटल, भोपाल ले जाने की व्यवस्था भी रहेगी।

उन्होंने बताया कि कटे होंठ एवं फटे तालु के मामलों को छोड़कर अन्य सभी प्रकार की सर्जरी के लिए आयुष्मान कार्ड अनिवार्य रहेगा। जिला चिकित्सालय के डीईआईसी एवं आरबीएसके प्रकोष्ठ ने जिले के नागरिकों, आशा एवं आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं तथा स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों-कर्मचारियों से पात्र बच्चों एवं उनके अभिभावकों तक शिविर की जानकारी पहुंचाकर अधिक से अधिक बच्चों को इसका लाभ दिलाने की अपील की है।