कटनी में डीएसपी पर अवैध वसूली के आरोप से मचा हड़कंप, एसपी की बड़ी कार्रवाई
ड्राइवर और आरक्षक निलंबित, तीन थानों का प्रभार वापस लेकर जांच एएसपी को सौंपी
कटनी में डीएसपी पर अवैध वसूली के आरोप से मचा हड़कंप, एसपी की बड़ी कार्रवाई
ड्राइवर और आरक्षक निलंबित, तीन थानों का प्रभार वापस लेकर जांच एएसपी को सौंपी

कटनी। कटनी जिले में पुलिस विभाग से जुड़ा एक मामला सामने आने के बाद प्रशासनिक स्तर पर तत्काल कार्रवाई की गई है। एक ट्रांसपोर्टर द्वारा डीएसपी नेहा पच्चीसिया पर कथित अवैध वसूली के आरोप लगाए जाने के बाद कटनी पुलिस अधीक्षक ने मामले को गंभीरता से लेते हुए प्रारंभिक कार्रवाई की है। एसपी के निर्देश पर डीएसपी नेहा पच्चीसिया के ड्राइवर और एक आरक्षक को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया।
इसके साथ ही डीएसपी नेहा पच्चीसिया से उनके अधीन तीन थानों का प्रभार भी वापस ले लिया गया है। इन तीनों थानों की जिम्मेदारी अब डीएसपी (एजेके) शिखा पाठक को सौंप दी गई है, ताकि संबंधित क्षेत्रों में पुलिस कार्य प्रभावित न हो।
पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच के लिए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एएसपी) कमल मौर्य को जांच अधिकारी नियुक्त किया गया है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल पुलिस विभाग ने इसे प्रारंभिक प्रशासनिक कार्रवाई बताया है। आरोपों की सत्यता की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी। मामले को लेकर जिले में चर्चाओं का दौर तेज है और सभी की नजर अब जांच रिपोर्ट पर टिकी हुई है।