लोकेशन महिदपुर
रिपोर्टर भेरु चोहान
*धोखाधड़ी का आरोपी बालूसिंह वानिया पुलिस रिमांड पर*
*घर और ऑफिस ले जाकर की गई पूछताछ*
महिदपुर। ₹38 लाख की धोखाधड़ी के मामले में गिरफ्तार आरोपी बालूसिंह वानिया से पुलिस सघन पूछताछ कर रही है। न्यायालय से पुलिस रिमांड मिलने के बाद पुलिस टीम आरोपी को साक्ष्य जुटाने और पूछताछ के लिए उसके निवास स्थान तथा कार्यालय (ऑफिस) लेकर पहुंची। जहां पुलिस ने आरोपी की मौजूदगी में बारीकी से जांच-पड़ताल की और मामले से जुड़े दस्तावेजों व अन्य जानकारियों को खंगाला। पुलिस के अनुसार, आरोपी बालूसिंह वानिया का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड रहा है। इसके खिलाफ पूर्व में भी अकेले महिदपुर थाने पर धोखाधड़ी सहित विभिन्न धाराओं में 7 आपराधिक मामले दर्ज हैं। इस मामले के उजागर होने के बाद आरोपी के खिलाफ शिकंजा और कसता जा रहा है। पुलिस ने बताया कि वर्तमान में बालूसिंह वानिया के खिलाफ दो और नई शिकायतें प्राप्त हुई हैं। पुलिस इन दोनों आवेदनों की भी गंभीरता से जांच कर रही है, जिसके बाद मामलों की संख्या और बढ़ सकती है। पुलिस रिमांड के दौरान आरोपी से कई अन्य महत्वपूर्ण खुलासे होने की उम्मीद है।