Breaking News in Primes

“अपने जिले का विकास नहीं कर सके तो इस्तीफा दें” : डिप्टी सीएम पर सपा सांसद पुष्पेंद्र सरोज का बड़ा हमला

0 12

News By- हिमांशु उपाध्याय / नितिन केसरवानी

जर्जर सड़कों, शिक्षा-स्वास्थ्य व्यवस्था और कथित फर्जी आंकड़ों को लेकर सरकार पर साधा निशाना, राम मंदिर चंदा विवाद की जांच की मांग

कौशाम्बी: समाजवादी पार्टी के सांसद पुष्पेंद्र सरोज ने डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य और प्रदेश सरकार पर तीखा हमला बोला। दिशा समिति की बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत में सांसद ने कहा कि जिस जिले से प्रदेश का उपमुख्यमंत्री आता हो, यदि वहीं विकास कार्यों की स्थिति संतोषजनक न हो तो यह गंभीर चिंता का विषय है।

उन्होंने कहा कि शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में अपेक्षित प्रगति नहीं हुई है। सांसद ने तंज कसते हुए कहा कि डिप्टी सीएम हेलीकॉप्टर से यात्रा करते हैं, इसलिए उन्हें जिले की जर्जर सड़कों की वास्तविक स्थिति दिखाई नहीं देती। यदि वे सड़क मार्ग से चलें तो विकास की हकीकत सामने आ जाएगी।

राम मंदिर से जुड़े कथित चंदा विवाद पर प्रतिक्रिया देते हुए सांसद ने कहा कि धर्म के नाम पर राजनीति नहीं होनी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने राम मंदिर को राजनीतिक मुद्दा बनाया और समाज में विभाजन की राजनीति की। अयोध्या में भूमि अधिग्रहण, संपत्तियों और कथित भ्रष्टाचार के मामलों की निष्पक्ष जांच कराए जाने की मांग भी उन्होंने की। उन्होंने कहा कि चंदा चोरी का मुद्दा देश के वास्तविक और महत्वपूर्ण मुद्दों से ध्यान भटकाने का प्रयास है।

सांसद ने दिशा समिति की बैठक में प्रस्तुत आंकड़ों पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि अधिकारियों द्वारा फर्जी और भ्रामक आंकड़े पेश किए गए हैं। उन्होंने कहा कि इस संबंध में सोमवार को विस्तृत प्रेस वार्ता कर तथ्य सार्वजनिक किए जाएंगे। साथ ही प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन कर जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपने की भी चेतावनी दी।

इस दौरान सपा जिलाध्यक्ष दयाशंकर यादव, सांसद प्रतिनिधि परवेज अहमद, मुस्तकीम अहमद समेत पार्टी के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.

Don`t copy text!