बड़ी खबर:मध्यप्रदेश में पुलिस महकमे में बड़ा फेरबदल
74 पुलिस अधिकारियों के तबादले, आधे से अधिक जिलों में बदली जिम्मेदारियां
बड़ी खबर:मध्यप्रदेश में पुलिस महकमे में बड़ा फेरबदल
74 पुलिस अधिकारियों के तबादले, आधे से अधिक जिलों में बदली जिम्मेदारियां
आईपीएस और राज्य पुलिस सेवा अधिकारियों को नई पदस्थापना, कानून-व्यवस्था को मजबूत करने की कवायद
भोपाल, 5 जून। मध्यप्रदेश शासन के गृह विभाग ने शुक्रवार को पुलिस विभाग में बड़े पैमाने पर तबादला आदेश जारी किए। राज्य पुलिस सेवा और भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) के कुल 74 अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। तबादलों की इस सूची में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, पुलिस अधीक्षक, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त, उप सेनानी एवं सहायक पुलिस महानिरीक्षक स्तर के अधिकारी शामिल हैं। प्रदेश के आधे से अधिक जिलों में प्रशासनिक और पुलिस व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से यह फेरबदल किया गया है।
ग्वालियर, जबलपुर, भोपाल, इंदौर सहित कई जिलों में बदलाव
जारी आदेशों के अनुसार भोपाल, इंदौर, जबलपुर, ग्वालियर, उज्जैन, सतना, सागर, बैतूल, कटनी, शिवपुरी, भिंड, रायसेन, खंडवा, देवास, बुरहानपुर, अलीराजपुर, पाण्डुर्णा और नीमच समेत अनेक जिलों में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षकों की नई पदस्थापना की गई है। वहीं 2022 बैच के 8 आईपीएस अधिकारियों को भी अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक और अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त के पदों पर नई जिम्मेदारियां दी गई हैं। गृह विभाग के अनुसार सभी स्थानांतरण तत्काल प्रभाव से आगामी आदेश तक प्रभावशील रहेंगे।





