हिमांशु उपाध्याय/ नितिन केसरवानी
कौशाम्बी: जनपद में प्रत्येक रविवार की तरह आज मुख्यमंत्री आरोग्य स्वास्थ्य मेला आयोजित किया गया। जिले के 33 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों और 3 शहरी स्वास्थ्य केंद्रों पर एक साथ मेले का आयोजन हुआ। मेले की सफलता सुनिश्चित करने के लिए नोडल अधिकारी एवं अपर/उप मुख्य चिकित्सा अधिकारियों को निरीक्षण की जिम्मेदारी दी गई थी। मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. संजय कुमार ने स्वयं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सेलरहा पश्चिम, शमशाबाद एवं मंझनपुर का निरीक्षण किया। इस स्वास्थ्य मेले में कुल 57 चिकित्साधिकारी व 129 पैरामेडिकल स्टाफ की ड्यूटी लगाई गई थी। विभिन्न रोगों से पीड़ित कुल 1748 मरीजों का उपचार किया गया, जिनमें से 14 मरीजों को मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। इसके अलावा मेले में 65 गोल्डन कार्ड और 116 आभा आईडी भी बनाए गए। मुख्यमंत्री आरोग्य स्वास्थ्य मेला ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को आमजन तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभा रहा है।