कीड़े के काटने से बेहोश हुई महिला
दो दिन में भी नहीं आया होश, झाड़ फूंक करवाते रहे परिजन, अब वैंटिलेटर पर
बैतूल जिला ब्यूरो रेशमा खान
बैतूल। आमला के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से रैफर की गई महिला को बेहोशी की हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। उसे वैंटिलेटर पर रखा गया है। बताया जा रहा है की किसी कीड़े के काटने से वह बेहोश हो गई थी। परिजन उसकी झाड़ फूंक करवाते रहे। जिससे उसकी हालत और बिगड़ गई। वह दो दिन से बेहोश है।
घटना बैतूल जिले के आमला थाना क्षेत्र के ग्राम नीमझिरी की है। जहां बुधवार देर शाम गांव के ट्यूबवेल से पानी भर रही महिला रुनिया पति सुमरसा कासदे को किसी जहरीले कीड़े ने काट लिया। कीड़े के काटने के तत्काल बाद महिला वहीं पर बेहोश हो गई और उसे परिजनों द्वारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ना ले जाते हुए भगत भूमका के पास झाड़ फूंक के लिए ले गए। जहां टोने टोटके करने के चलते महिला की हालत गंभीर हो गई।
महिला के शरीर पर गरम लोहे की राड से दागने के भी निशान देखे जा रहे हैं। जब महिला की हालत ज्यादा बिगड़ गई। तब जाकर परिजन उसे आमला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे जहां उसका प्राथमिक उपचार किया गया। पर हालत गंभीर होने के कारण उसे बैतूल जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया गया।
काटने के निशान नहीं, दो दिन बाद भी बेहोश
इस महिला के शरीर पर किसी कीड़े के काटने के कोई निशान नहीं मिले है। आशंका है की उसके फेफड़ों में पानी चला गया है। जिला अस्पताल के मेडिकल ऑफिसर डॉक्टर आनंद मालवीय के मुताबिक महिला जब जिला अस्पताल पहुंची थी। तब भी वह बेहोश थी। उसके साथ क्या हादसा हुआ है कहना मुश्किल है।
महिला के वैंटिलेटर पर होने के कारण उसका सिटी स्कैन भी कराना मुश्किल है। उसकी आंखों की पुतलियां भी फैल गई है। उसे पैरालिटिक अटैक भी हो सकता है। फिलहाल वह कोई रिस्पॉन्ड नहीं कर रही है।