Breaking News in Primes

मुख्यमंत्री जी ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानी, संविधान सभा के सदस्य व पूर्व सांसद मसुरियादीन पासी जी की प्रतिमा का किया अनावरण

0 8

News By-नितिन केसरवानी

बाबा साहेब व मसुरियादीन जी ने पासी, सोनकर, वंचित, दलित समाज को राष्ट्र की मुख्यधारा से जोड़कर सम्मानजनक जीवन जीने के लिए प्रेरित किया-मा0 मुख्यमंत्री

प्रयागराज: मा0 मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ जी ने गुरुवार को तेलियरगंज चौराहे पर स्वतंत्रता संग्राम सेनानी, ब्रिटिश जरायम पेशा कानून को समाप्त कराने वाले संविधान सभा के सदस्य एवं पूर्व सांसद महाशय मसुरियादीन पासी की प्रतिमा का अनावरण किया। मा0 मुख्यमंत्री जी ने कहा कि देश की आजादी के लिए मसुरियादीन जी भी जेल गए थे। इनकी आयु 66-67 वर्ष रही, जिसमें 9 वर्ष (1932-1944) वह आजादी की अलख जगाने के लिए जेल में रहे। रिहा होने पर भी वह जन-जागरण करते रहे थे।

अब मसुरियादीन जी के नाम पर होगा चौराहा

मा0 मुख्यमंत्री जी ने महापौर से प्रस्ताव मांगा और कहा कि जहां मसुरियादीन जी की प्रतिमा लगी है, वह चौराहा उनके नाम पर बनेगा। प्रयागराज की किसी एक अच्छी संस्था का नाम भी महाशय मसुरियादीन के नाम पर किया जाएगा। वहां भी उनकी भव्य प्रतिमा लगेगी, क्योंकि महापुरुषों को सम्मान देकर ही समाज आगे बढ़ सकता है। भूत को सम्मान देकर वर्तमान संवर सकता है और वर्तमान के संवरने से ही भविष्य उज्ज्वल होगा। महाशय का सम्मान स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों का सम्मान है, इसमें कोई कमी नहीं आने दी जाएगी।

महापुरुषों को विस्मृत नहीं करती डबल इंजन की सरकार

मा0 मुख्यमंत्री जी ने कहा कि 2 अक्टूबर 1911 को महाशय मसुरियादीन पासी का भी जन्म हुआ था। इतिहास के कालचक्र ने इन्हें विस्मृत कर दिया था, लेकिन विकास व विरासत पर विश्वास करने वाली डबल इंजन की सरकार महापुरुषों को विस्मृत नहीं करती। हमने उनकी स्मृतियों को जीवंत बनाए रखने के लिए प्रतिमा का अनावरण किया है।

पं. नेहरू व मसुरियादीन जी साथ चुनकर गए थे संसद

मा0 मुख्यमंत्री जी ने बताया कि मसुरियादीन जी 1946 में यूपी विधानसभा के सदस्य बने, फिर स्वतंत्र भारत में 1952 से 1972 तक चार बार चुनकर संसद गए। 1952 में जब एक सीट पर दो सांसद चुने जाते थे तो पं. नेहरू व मसुरियादीन जी एक साथ चुनकर गए थे। उन्होंने काले कानून के खिलाफ 1952 में ही आवाज उठाई थी। 1857 के प्रथम स्वातंत्र्य समर में मुंह की खाने के बाद अंग्रेजों ने 1871 में जरायम पेशा कानून बनाकर पासी समाज समेत तमाम जातियों को अपमानित किया था। बाबा साहेब व मसुरियादीन जी ने उस कानून के खिलाफ लड़ाई लड़ी और अंततः उसे समाप्त कर पासी, सोनकर, वंचित, दलित समाज को राष्ट्र की मुख्यधारा से जोड़कर सम्मानजनक जीवन जीने के लिए प्रेरित किया।

’पासी समाज के शौर्य व पराक्रम की गाथा’

मा0 मुख्यमंत्री जी ने कहा कि पासी समाज के शौर्य व पराक्रम की गाथा को हर कोई जानता है। महाराजा बिजली पासी ने 12वीं सदी में लखनऊ व आसपास के क्षेत्र में 12 किले बनाए थे। विदेशी आक्रांताओं से लड़ने के लिए इसे रणनीति का हिस्सा बनाया था। वीर मक्का पासी आजादी की लड़ाई लड़ते वीरगति को प्राप्त हुए तो उनकी पत्नी वीरांगना ऊदा देवी ने मोर्चा संभालते हुए अंग्रेजों के छुक्के छुड़ाए। अंततः उनका भी बलिदान हो गया। मा0 मुख्यमंत्री जी ने कहा कि हमारी सरकार ने लखनऊ स्थित महाराजा बिजली पासी के किले का पुनरुद्धार किया। डबल इंजन सरकार लखनऊ में वीरांगना ऊदा देवी के नाम पर पीएसी बटालियन गठित कर रही है। वहां भी उनकी अश्वारोही भव्य प्रतिमा लगाई जा रही है। जिन्होंने दलितों, वंचितों की आवाज को आगे बढ़ाया और देश-समाज के लिए जीवन समर्पित किया, उन्हें सम्मान मिलना चाहिए।

इस अवसर पर मा0 उप मुख्यमंत्री श्री केशव प्रसाद मौर्य ने अपने उद्बोधन में कहा कि डबल इंजन की सरकार गरीबों के प्रति समर्पित है। डबल इंजन की सरकार में महापुरूषों का आदर-सम्मान व उन्हें उचित सम्मान मिला है। मा0 उपमुख्यमंत्री जी ने महाशय मसुरियादीन जी की प्रतिमा के अनावरण को ऐतिहासिक क्षण बताते हुए उनके योगदान को याद किया तथा उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए नमन किया।

इस अवसर पर महाशय मसुरियादीन जी के पौत्र श्री सचिन कुमार ने कहा कि इस अवसर को प्रयागराज ही बल्कि पूरे प्रदेश व देश के लिए खास बताते हुए कहा कि इतिहास इस बात को याद रखेगा कि महाशय मसुरियादीन जी की प्रतिमा का अनावरण मा0 मुख्यमंत्री जी के कर-कमलों द्वारा हुआ है। मा0 मुख्यमंत्री जी के नेतृत्व में बिना किसी जातिगत भेदभाव के सभी वर्गो को समान अवसर मिला है। कहा कि सरकार के द्वारा पात्र लोगो को मुख्य धारा से जोड़ने का सराहनीय कार्य किया गया है तथा उनको योजनाओं से लाभान्वित कराया गया है। उन्होंने महाशय मसुरियादीन जी के संघर्षों के बारे में विस्तार से बताते हुए कहा कि पासी समाज सहित अन्य समुदाय के महान लोगो की स्मृति को मनाने के लिए सरकार में बहुत से कार्य हुए है। उन्होंने समाज के लिए किए जा रहे कार्यों के बारे में विस्तार से बताते हुए मा0 मुख्यमंत्री जी के नेतृत्व में समाज के लिए किए जा रहे कार्यों पर आभार प्रकट किया।

इस अवसर पर मा0 कैबिनेट मंत्री/प्रभारी मंत्री-प्रयागराज श्री स्वतंत्र देव सिंह जी, मा0 मंत्री श्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी, मा0 सांसद फूलपुर श्री प्रवीण पटेल, मा0 महापौर श्री उमेश चन्द्र गणेश केसरवानी, मा0 विधायक बारा डॉ0 वाचस्पति, मा0 विधायक फूलपुर श्री दीपक पटेल, मा0 विधायक फाफामऊ श्री गुरू प्रसाद मौर्य, मा0 विधायक करछना श्री पीयूष रंजन निषाद, मा0 विधायक शहर उत्तरी श्री हर्षवर्धन वाजपेयी, मा0 गंगापार अध्यक्ष श्रीमती निर्मला पासवान, विधान परिषद सदस्य व प्रवक्ता श्री लाल जी प्रसाद निर्मल, श्रीमती कमला कुमारी-पुत्री महाशय मसुरियादीन जी व परिवार के अन्य सदस्य, डॉ0 प्रभात ओझा, अन्य मा0 जनप्रतिनिधिगणों सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।

This error message is only visible to WordPress admins

Error 403: The request cannot be completed because you have exceeded your quota..

Domain code: youtube.quota
Reason code: quotaExceeded

Error: No videos found.

Make sure this is a valid channel ID and that the channel has videos available on youtube.com.

Leave A Reply

Your email address will not be published.

Don`t copy text!