लोकेशन धामनोद
संवाददाता मोनु पटेल
नेपाल बाढ़ त्रासदी में मृतकों को एपीएस के बच्चों ने दी भावपूर्ण श्रद्धांजलि
धामनोद। नेपाल में ग्लेशियर फटने के बाद आई भीषण बाढ़ और जल-प्रलय से हुई तबाही ने सभी को झकझोर कर रख दिया है। इस दर्दनाक प्राकृतिक आपदा में अब तक 700 से अधिक लोगों की मृत्यु होने तथा हजारों लोगों के लापता होने की खबरों के बीच एकेडमिया प्राइम स्कूल (एपीएस) के विद्यार्थियों ने गहरा दुःख व्यक्त करते हुए मृतकों को भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी।
विद्यालय में आयोजित विशेष प्रार्थना सभा के दौरान बाढ़ त्रासदी में जान गंवाने वाले लोगों की आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखा गया। सुबह की प्रार्थना सभा के दौरान विद्यालय परिसर में भावुक और शांत वातावरण रहा। सभी छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों ने आंखें बंद कर इस आपदा में जान गंवाने वाले लोगों को श्रद्धापूर्वक याद किया।
बच्चों ने नेपाल में प्रभावित परिवारों एवं मासूम बच्चों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की, जिन्होंने इस भीषण बाढ़ में अपने घर और प्रियजनों को खो दिया। इस अवसर पर विद्यालय की डायरेक्टर श्रीमती मधु विनोद डोंगले ने विद्यार्थियों को नेपाल की त्रासदी से जुड़े घटनाक्रमों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि नेपाल के नुवाकोट क्षेत्र में स्थित एक विद्यालय के बच्चों को शिक्षकों ने अपनी सूझबूझ और तत्परता से बाढ़ आने के कुछ ही समय पूर्व सुरक्षित स्थान पर पहुंचाकर बड़ी संख्या में विद्यार्थियों की जान बचाई।
एकजुटता का संदेश
मौन धारण के बाद बच्चों ने कहा कि पड़ोसी देश नेपाल में आया यह संकट अत्यंत दुखद है। विद्यालय प्रशासन और विद्यार्थियों ने घायल लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने तथा लापता लोगों के सुरक्षित मिलने की ईश्वर से प्रार्थना की। बच्चों ने संदेश दिया कि संकट की इस घड़ी में वे नेपाल के लोगों के दुःख में सहभागी हैं और उनके साथ एकजुटता से �