गंगा दशहरा पर कलेक्टर ने थामी झाड़ू, माहिष्मती घाट से दिया स्वच्छता और जल संरक्षण का संदेश
मंडला, 26 मई 2026
गंगा दशहरा के पावन अवसर पर मंगलवार सुबह कलेक्टर श्री राहुल नामदेव धोटे पहुंचे। उन्होंने स्वयं झाड़ू लेकर माहिष्मती घाट पर श्रमदान कर स्वच्छता का संदेश दिया। जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत उन्होंने घाट परिसर में सफाई की, कूड़ा उठाया तथा उपस्थित लोगों को माँ नर्मदा की स्वच्छता एवं जल संरक्षण के प्रति जागरूक किया।
गौरतलब है कि जल गंगा संवर्धन अभियान के अंतर्गत जिलेभर में घाटों, तालाबों और अन्य जल संरचनाओं की साफ-सफाई का कार्य लगातार किया जा रहा है। प्रशासन द्वारा नागरिकों से अपील की गई है कि पूजा सामग्री एवं निर्माल्य नदी में प्रवाहित न करें, बल्कि निर्धारित कूड़ादान में ही डालें।
घाट पर हर 20 कदम पर हों कूड़ादान
सफाई अभियान के बाद कलेक्टर श्री धोटे ने मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्री गजानन नाफड़े को निर्देश दिए कि माहिष्मती घाट पर पर्याप्त संख्या में डस्टबिन रखे जाएं, ताकि श्रद्धालु कचरा और पूजा सामग्री नदी में न डालें। उन्होंने कहा कि प्रत्येक 20 से 25 कदम की दूरी पर कूड़ादान लगाए जाएं। साथ ही घाट पर स्वच्छता संबंधी साइन बोर्ड भी लगाए जाएं तथा नियमित रूप से अनाउंसमेंट कर लोगों को जागरूक किया जाए, जिससे व्यवहार परिवर्तन की दिशा में सकारात्मक पहल हो सके।
1 जून से योग के साथ होगी घाट की नियमित सफाई
कलेक्टर श्री धोटे ने नमामि नर्मदे महाआरती ट्रस्ट की पदेन अध्यक्ष से चर्चा करते हुए कहा कि 1 जून से घाट पर प्रारंभ होने वाले योगाभ्यास कार्यक्रम में प्रतिदिन की सफाई गतिविधियों को भी अनिवार्य रूप से शामिल किया जाए। उन्होंने कहा कि 21 दिनों तक चलने वाले योग सत्र का उद्देश्य लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना है। योग से तन स्वस्थ रहता है और स्वच्छता से मन निर्मल होता है।
कलेक्टर श्री धोटे ने कहा, “माँ नर्मदा हमारी जीवनदायिनी हैं। उनकी स्वच्छता और संरक्षण हम सभी की जिम्मेदारी है। यदि हम प्रतिदिन केवल 10 मिनट भी घाट की सफाई के लिए दें, तो नर्मदा कभी मैली नहीं होगी।” उन्होंने उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों एवं नागरिकों को जल संरक्षण की शपथ भी दिलाई।
इस अवसर पर अपर कलेक्टर श्री राजेन्द्र कुमार सिंह, सीईओ जिला पंचायत श्री शाश्वत सिंह मीना, एसडीएम मंडला श्रीमती सोनल सिडाम, सहायक संचालक महिला एवं बाल विकास श्री रोहित बड़कुल, मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्री गजानन नाफड़े सहित नगर पालिका एवं जिला प्रशासन के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
राजेंद्र कुमार श्रीवास प्राइम्स टी वी न्यूज मंडला